जयपुर की चारदीवारी और आमेर में पर्यटकों के लिए विशेष यातायात व्यवस्था
जयपुर, 09 अक्टूबर । पर्यटन सीजन में पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए जयपुर यातायात पुलिस ने चारदीवारी और आमेर क्षेत्र में विशेष यातायात व्यवस्था की है। 10 और 11 अक्टूबर को प्रमुख पर्यटन स्थलों और धार्मिक स्थलों पर यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना है। चारदीवारी क्षेत्र में 10 अक्टूबर 2026 से 11 जनवरी 2027 तक यातायात दबाव के अनुसार मार्गों में आवश्यक बदलाव किए जाएंगे।
डीसीपी ट्रैफिक प्रवीण एन. नुनावथ के अनुसार, पर्यटकों की बड़ी बसों के लिए रामनिवास बाग में सैटेलाइट पार्किंग की व्यवस्था की गई है। चारदीवारी क्षेत्र में भारी और मालवाहक वाहनों का प्रवेश रात 11 बजे से सुबह 7 बजे तक ही रहेगा। जरूरत के अनुसार सिटी और मिनी बसों को वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जाएगा। यातायात पुलिस ने व्यापारियों से अपने वाहन जेडीए की भूमिगत रामनिवास बाग पार्किंग, चौगान स्टेडियम और आतिश मार्केट की पार्किंग में खड़े करने की अपील की है।
यातायात का दबाव बढ़ने पर चारदीवारी क्षेत्र में आवश्यकतानुसार मार्ग बदले जाएंगे। बड़ी चौपड़ से सुभाष चौक की ओर दोनों तरफ सामान्य यातायात चलता रहेगा। सुभाष चौक से बड़ी चौपड़ की ओर आने वाले वाहनों को सुभाष चौक से डायवर्ट कर चार दरवाजा और घोड़ा निकास रोड होते हुए रामगंज चौपड़ की तरफ भेजा जाएगा।
वाहन बांदरवाल गेट से प्रवेश कर नगर परिषद की मोरी, शार्दुल सिंह की नाल और गणगौरी बाजार की ओर जा सकेंगे। हालांकि, गणगौरी बाजार से शार्दुल सिंह की नाल होते हुए सिटी पैलेस की तरफ जाने वाले मार्ग पर यातायात बंद रहेगा। दिल्ली रोड से आमेर फोर्ट जाने वाले पर्यटक वाहन आमेर तिराहा, धोबीघाट चौराहा, रामगढ़ मोड़ और आमेर रोड होकर जा सकेंगे। रामगढ़ मोड़ से आमेर की ओर यातायात चालू रहेगा। जयगढ़ टी-पॉइंट से रामगढ़ मोड़ की तरफ जाने वाला यातायात बंद रहेगा और वाहनों को आमेर की ओर भेजा जाएगा।
आमेर से रामगढ़ मोड़ की तरफ और आमेर तिराहा से आमेर गांधी चौक की ओर वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। आमेर से जयपुर शहर लौटने वाले वाहन आमेर तिराहा, दिल्ली रोड, गलता गेट चौराहा और ट्रांसपोर्ट नगर चौराहा होकर शहर में प्रवेश कर सकेंगे।
पर्यटकों की सुविधा के लिए पुरातत्व विभाग की ओर से निर्मित परियों का बाग पार्किंग का अस्थायी संचालन किया जाएगा। यातायात पुलिस ने पर्यटकों और वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने और पुलिस के निर्देशों के अनुसार आवागमन करने की अपील की है, ताकि चारदीवारी और पर्यटन स्थलों के आसपास जाम से बचा जा सके।


