गढ़वाल विवि पौड़ी परिसर में चला स्वच्छता अभियान
पौड़ी गढ़वाल, 10 अक्टूबर ।हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के पौड़ी परिसर में इको क्लब के आह्वान पर समाजशास्त्र विभाग ने ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान चलाया। इस दौरान आर्ट्स ब्लॉक, कैंटीन भवन और समाजशास्त्र विभाग के आसपास सफाई कर विद्यार्थियों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
इको क्लब की सचिव एवं समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. किरन बाला ने कहा कि परिसर को स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल बनाए रखने के लिए सभी की सहभागिता जरूरी है। स्वच्छता केवल अभियान तक सीमित न रहे, बल्कि इसे दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाया जाना चाहिए।
अभियान में असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. ल्हामु, डॉ. धारणा शर्मा, डॉ. अंकित उछोली, शोधार्थी राखी सती, विद्या सहित स्नातक और स्नातकोत्तर के विद्यार्थियों ने भाग लिया।


