Punjab

परगट सिंह ने संभाली पंजाब कांग्रेस की कमान, एक मंच पर दिखाई दिए वरिष्ठ नेता

चंडीगढ़, 11 अक्टूबर । पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष परगट सिंह ने रविवार को औपचारिक रूप से पदभार संभाल लिया। कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता एक मंच पर दिखाई दिए। हालांकि, कार्यक्रम के दौरान तेज बारिश ने कुछ समय के लिए व्यवस्था प्रभावित की, लेकिन कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए कार्यक्रम में डटे रहे।

समारोह में पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, गुरदासपुर से सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा, नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा और चंडीगढ़ सांसद मनीष तिवारी समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव केसी वेणुगोपाल का दौरा दिल्ली में पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों के कारण रद्द हो गया।

पदभार संभालने से पहले परगट सिंह ने कहा कि वह नवरात्र के पहले दिन नई राजनीतिक जिम्मेदारी की शुरुआत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब के मुद्दे और आम लोगों की आकांक्षाएं उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता रहेंगी। परगट सिंह ने आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पंजाब की प्रशासनिक व्यवस्था राजनीतिक दबाव में काम कर रही है। उन्होंने अधिकारियों से जिम्मेदारी और निष्पक्षता के साथ अपना दायित्व निभाने की अपील की। परगट ने कहा कि वह साफ-सुथरी राजनीति करेंगे और बदले की राजनीति में विश्वास नहीं रखते।

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजा वड़िंग ने परगट सिंह को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह कांग्रेस की मजबूती के लिए आगे भी काम करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि उनके नेता राहुल गांधी हैं और उन्होंने पार्टी नेतृत्व से उन नेताओं और कार्यकर्ताओं को याद रखने की अपील की है, जिन्होंने पिछले साढ़े चार वर्षों में संगठन के लिए काम किया। वड़िंग अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस भवन पहुंचे। इससे पहले उन्होंने चंडीगढ़ के सेक्टर-10 स्थित अपने किराये के आवास पर समर्थकों के साथ शक्ति प्रदर्शन भी किया।

पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने बारिश को शुभ संकेत बताया। समारोह के दौरान कांग्रेस नेताओं ने एकजुटता का संदेश देने की कोशिश की और आने वाले राजनीतिक मुकाबलों के लिए संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया।