MP

मध्य प्रदेश के 5 जिलों में आज आंधी-बारिश का अलर्ट, 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

भोपाल, 23 अक्टूबर । मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई के बाद भी आंधी और बारिश का दौर थम नहीं रहा है। प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में पिछले 7 दिनों से बारिश हो रही है। आज शुक्रवार को इंदौर संभाग के आलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, खंडवा और बुरहानपुर में आंधी का अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक, 24 अक्टूबर से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसका असर 2 से 3 दिन बाद प्रदेश में दिखाई दे सकता है। फिलहाल साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण आंधी-बारिश का दौर जारी है। गुरुवार को इंदौर, धार समेत पश्चिमी मध्य प्रदेश के कई जिलों में बारिश हुई। वहीं, भोपाल में दिनभर तेज धूप रही और शाम को बादल छा गए।

प्रदेश में आने वाले दिनों में दिन और रात के तापमान में गिरावट आने का अनुमान है। रात का पारा 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क सकता है। बीती रात इस सीजन में पहली बार प्रदेश का न्यूनतम तापमान 14 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। कटनी के करौंदी में सबसे कम 13.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। अमरकंटक में न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री, रीवा में 15 डिग्री, उमरिया में 15.4 डिग्री और शहडोल के कल्याणपुर में 15.9 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। इंदौर और टीकमगढ़ में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया है।

अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में भी प्रदेश में बारिश होने की संभावना है। 24 अक्टूबर से सक्रिय होने वाले नए मौसम सिस्टम का असर उत्तर-पश्चिमी मध्य प्रदेश में दिखाई दे सकता है। इस दौरान रात के तापमान में भी गिरावट होने का अनुमान है। ऐसे में महीने के आखिरी सप्ताह में बारिश के साथ ठंड का असर बढ़ सकता है।