Uttarakhand

ब्लाइंड केस का खुलासा: पांच वर्षीय मासूम से दुष्कर्म का आरोपित जमीं खां एक माह बाद गिरफ्तार

हरिद्वार, 06 नवंबर । पांच वर्षीय मासूम बच्ची से दुष्कर्म के ब्लाइंड मामले का कलियर पुलिस ने एक माह की कड़ी मशक्कत के बाद खुलासा कर दिया है। चॉकलेट का लालच देकर बच्ची को खंडहर में ले जाकर दरिंदगी करने वाला आरोपित दिल्ली भाग गया था। पुलिस ने उसे कलियर से करीब दो किलोमीटर आगे से गिरफ्तार किया है।

गत 7 अक्टूबर को मोतीचूर बहराइच, उत्तर प्रदेश निवासी व्यक्ति ने कोतवाली कलियर में तहरीर देकर बताया था कि 6 अक्टूबर को किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसकी 5 वर्षीय पुत्री के साथ दुष्कर्म किया है। तहरीर पर पुलिस ने पोक्सो एक्ट व अन्य धाराओं के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने प्रभारी निरीक्षक कलियर के नेतृत्व में टीम गठित की।

पुलिस ने शिकायतकर्ता द्वारा बताए गए हुलिए और संदिग्धों के फोटो के आधार पर कलियर दरगाह परिसर, कलियर-रुड़की मार्ग, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और बाजार में लगे 250 से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगाले। कोई सुराग न मिलने पर पीड़िता की मदद से आरोपित का स्केच तैयार कर तलाश तेज की गई।

लगातार प्रयास के बाद पुलिस ने अब्दाल साहब रोड से इमलीखेड़ा जाने वाले मार्ग पर पुलिया के पास से एक संदिग्ध को हिरासत में लिया। सख्ती से पूछताछ में उसने वारदात कबूल कर ली। आरोपित ने बताया कि उसने टीन शेड के पास बच्ची को अकेला देख चीज दिलाने का लालच देकर पीएनबी बैंक के पास खंडहर में ले जाकर वारदात की थी। पकड़े जाने के डर से वह अगली सुबह झोपड़ी उखाड़कर दिल्ली भाग गया था।

गिरफ्तार आरोपित सिकंदर उर्फ जमीं खां (35) पुत्र जकी खां निवासी पुराना रामपुर रोड, शाहबाद, रामपुर, उत्तर प्रदेश है, जो हाल में हज कमेटी के पास झुग्गी-झोपड़ी कलियर में रह रहा था। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी, वरिष्ठ उप निरीक्षक रमेश कुमार सैनी, उप निरीक्षक अमित नोटियाल सहित अन्य शामिल रहे।