नेपालका स्पेक्ट्रम और सैटेलाइट ऑर्बिट प्रबंधन पर जोर
काठमांडू, 10 नवंबर । नेपाल ने वैश्विक दूरसंचार व्यवस्था में अपने रणनीतिक हितों, विशेष रूप से रेडियो स्पेक्ट्रम और सैटेलाइट ऑर्बिट (उपग्रह कक्षाओं) के प्रबंधन से जुड़े मुद्दों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रमुखता से उठाया है। कतर की राजधानी दोहा में आयोजित अंतरराष्ट्रीय दूरसंचार संघ (आईटीयू) के पूर्णाधिकार सम्मेलन 2026 के दौरान नेपाल ने विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों के साथ इन मुद्दों पर चर्चा की।
नेपाल के सूचना तथा संचार मंत्री डॉ. विक्रम तिमिल्सिना के नेतृत्व में नेपाली प्रतिनिधिमंडल ने दोहा एग्जिबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (डीईसीसी) में आयोजित सम्मेलन के उद्घाटन समारोह में हिस्सा लिया। दोहा स्थित नेपाली दूतावास की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मंत्री तिमिल्सिना ने सम्मेलन में शामिल देशों के प्रतिनिधिमंडलों के प्रमुखों की औपचारिक बैठक में भी भाग लिया। इस दौरान उन्होंने मित्र देशों के प्रतिनिधियों के साथ विचारों का आदान-प्रदान किया।
सम्मेलन के दौरान अंतरराष्ट्रीय दूरसंचार संघ के रेडियो कम्युनिकेशन ब्यूरो के निदेशक पद के फ्रांसीसी उम्मीदवार एरिक फोर्नियर ने मंत्री तिमिल्सिना से शिष्टाचार मुलाकात की। इस मुलाकात में रेडियो स्पेक्ट्रम और सैटेलाइट ऑर्बिट के प्रबंधन सहित उन विषयों पर चर्चा हुई, जो नेपाल के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण हैं। फोर्नियर ने इस पद के लिए अपनी कार्ययोजना, दृष्टिकोण और प्राथमिकताओं के बारे में भी जानकारी दी।
इसके अलावा मंत्री तिमिल्सिना ने ईरान के सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी मंत्री सत्तार हाशेमी और तंजानिया की संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री एंजेला जैस्मिन कैरुकी के साथ भी शिष्टाचार मुलाकात की। इन बैठकों में आपसी हितों से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही डिजिटल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सहयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। मंत्री तिमिल्सिना ने कतर सरकार की ओर से सम्मेलन में भाग लेने वाले विभिन्न देशों के प्रतिनिधिमंडलों के प्रमुखों और अन्य प्रतिनिधियों के सम्मान में आयोजित रात्रिभोज में भी हिस्सा लिया।
अंतरराष्ट्रीय दूरसंचार संघ (आईटीयू) का पूर्णाधिकार सम्मेलन वैश्विक दूरसंचार और सूचना प्रौद्योगिकी से जुड़ी नीतियों, नियमों और अंतरराष्ट्रीय सहयोग पर चर्चा करने वाला एक प्रमुख मंच है। इसमें सदस्य देशों के प्रतिनिधि एकत्रित होकर दूरसंचार क्षेत्र की भावी दिशा और वैश्विक प्राथमिकताओं पर विचार-विमर्श करते हैं। ‘एक साथ, एक कनेक्टेड डिजिटल भविष्य की ओर’ थीम के तहत आयोजित यह सम्मेलन 9 नवंबर से शुरू हुआ है और 27 नवंबर तक चलेगा।


