Uttarakhand

चंपावत में राज्य स्थापना दिवस पर आंदोलनकारियों और उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान

चंपावत, 09 नवंबर । उत्तराखंड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ पर सोमवार को जिला मुख्यालय स्थित जिला सभागार में समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान राज्य निर्माण के लिए आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान को याद करने के साथ जिले में हुए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में राज्य आंदोलनकारियों, प्रगतिशील किसानों, वीर बालिका और विभिन्न विभागों के उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों को सम्मानित किया गया।

जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी और जिलाधिकारी मनीष कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समारोह में रंग भरा। इस अवसर पर सूचना एवं लोक संपर्क विभाग की विकास पुस्तिका ‘सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊंची उड़ान’ का विमोचन भी किया गया।

समारोह में राज्य आंदोलनकारी जिला अध्यक्ष बसंत सिंह तड़ागी, शंकर पांडे सहित वरिष्ठ आंदोलनकारियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। राज्य आंदोलनकारी श्याम नारायण पांडे और नवीन मुरारी ने राज्य निर्माण के दौरान हुए संघर्षों को याद करते हुए कहा कि उत्तराखंड का निर्माण लंबे आंदोलन और बलिदानों के बाद संभव हुआ। नई पीढ़ी को राज्य की अस्मिता और विकास के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए। जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी ने भी आंदोलनकारियों के योगदान को राज्य निर्माण की आधारशिला बताया।

कार्यक्रम में कृषि क्षेत्र में बेहतर उत्पादन और नवाचार करने वाले पांच प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया गया। पशुपालन विभाग की योजनाओं के तहत मुकेश सिंह बोहरा को गौपालन के लिए 36 हजार रुपये तथा जीवनी देवी और रश्मि पांडे को बकरी पालन के लिए 35-35 हजार रुपये की सहायता दी गई।

इसके अलावा यूपीसीएल के दो लाइनमैन, 10 पर्यावरण मित्र, तीन पंप ऑपरेटर और पांच गैंगमैन सहित विभिन्न विभागों के फ्रंटलाइन कर्मियों को उनकी सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री बाल वीरता पुरस्कार से सम्मानित बालिका माया कांडपाल को भी सम्मान मिला। विद्यालयों की बालिकाओं को प्रोत्साहन स्वरूप उपहार दिए गए।

इससे पहले जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कलेक्ट्रेट परिसर में कृषि, उद्यान, पशुपालन, चिकित्सा, बाल विकास, उद्योग, आयुर्वेद और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन समेत विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं की जानकारी ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने और पात्र लोगों को उनका लाभ दिलाने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में दर्जा राज्य मंत्री सुभाष बगौली, रोहित बिष्ट, हेमा जोशी, किरन देवी, मनोज कालाकोटी, मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, सहायक परियोजना निदेशक विमी जोशी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।