विकास का वास्तविक अर्थ आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना : मुख्यमंत्री
देहरादून, 09 नवंबर । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर देहरादून के गढ़ी कैंट स्थित गोरखा मिलिट्री इंटर कॉलेज में सूचना एवं लोक संपर्क विभाग की विकास पुस्तिका-2026 ‘सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊंची उड़ान’ का विमोचन किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पुस्तिका राज्य की विकास यात्रा, जनकल्याणकारी योजनाओं और विभिन्न क्षेत्रों में हासिल उपलब्धियों का दस्तावेज है। यह जनता के प्रति सरकार की जवाबदेही प्रस्तुत करने के साथ भविष्य की जिम्मेदारियों का भी स्मरण कराती है।
मुख्यमंत्री धामी ने राज्य आंदोलन के बलिदानियों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उत्तराखंड का निर्माण जनता के लंबे संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। राज्य निर्माण में मातृशक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का स्मरण करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में पृथक उत्तराखंड राज्य का सपना साकार हुआ। आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य को समृद्ध और विकसित बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि विकास का वास्तविक अर्थ केवल योजनाओं और आंकड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि उसका प्रभाव आम नागरिकों के जीवन में दिखाई देना चाहिए। गांवों तक सड़क पहुंचने से स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता बेहतर होती है, विद्यालयों में सुविधाओं के विस्तार से बच्चों को आगे बढ़ने के अवसर मिलते हैं और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने से पलायन की समस्या का समाधान होता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से राज्य में आधारभूत ढांचे का तेजी से विस्तार हो रहा है। चारधाम ऑल वेदर रोड, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना विकास को गति दे रही हैं। हवाई और हेली सेवाओं के विस्तार से दूरस्थ क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होने के साथ पर्यटन, व्यापार और रोजगार की संभावनाएं भी बढ़ रही हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में भी सुधार के प्रयास कर रही है। प्रत्येक जनपद में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने के लक्ष्य के साथ काम किया जा रहा है। देहरादून, हल्द्वानी और श्रीनगर में विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार तथा किच्छा में एम्स के सैटेलाइट सेंटर के विकास से स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी। विद्यालयों में स्मार्ट क्लासरूम और आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराने पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जी-20 बैठकों के आयोजन से उत्तराखंड को वैश्विक पहचान मिली, जबकि 38वें राष्ट्रीय खेलों ने प्रदेश की खेल प्रतिभाओं और आयोजन क्षमता को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित किया। मानसखंड मंदिर माला मिशन, शीतकालीन यात्रा और नए पर्यटन स्थलों के विकास के जरिए पर्यटन को सालभर रोजगार और आजीविका से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के माध्यम से प्रदेश में निवेश को प्रोत्साहन मिला है और निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारने का काम जारी है। वर्ष 2025-26 के अनुमानों के अनुसार प्रदेश की अर्थव्यवस्था का आकार लगभग 3.82 लाख करोड़ रुपये है, जबकि वर्ष 2026-27 का बजट एक लाख 11 हजार करोड़ रुपये से अधिक है। सरकार का प्रयास है कि आर्थिक विकास का लाभ किसानों, युवाओं, महिलाओं और स्थानीय उद्यमियों तक पहुंचे।
धामी ने कहा कि महिला स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने, स्वरोजगार को बढ़ावा देने और स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। प्रदेश में रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। सरकार गांवों में सुविधाओं और आजीविका के अवसरों का विस्तार कर रही है, ताकि युवाओं को अपने गांवों में ही रोजगार के अवसर मिल सकें।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास के साथ प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान, प्राकृतिक संपदा और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए भी प्रतिबद्ध है। प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू की गई है। इसके अलावा धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगारोधी कानून, भू-कानून और अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई जैसे निर्णय लिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की उपलब्धियां संतोष देने के साथ और अधिक काम करने की प्रेरणा भी देती हैं। प्रत्येक गांव तक बेहतर सुविधाएं पहुंचाने, रोजगार के अवसर विकसित करने, खेती को लाभकारी बनाने और आपदा प्रबंधन की तैयारियां मजबूत करने की दिशा में काम जारी रहेगा। उन्होंने ‘अभी बहुत आगे हमें जाना है’ कविता की पंक्तियों के माध्यम से राज्य आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप विकसित उत्तराखंड बनाने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का राज्य स्थापना दिवस पर भेजा गया शुभकामना संदेश पढ़कर सुनाया।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, गणेश जोशी और खजान दास, विधायक विनोद चमोली एवं सविता कपूर, महापौर सौरभ थपलियाल, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु एवं डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव सूचना शैलेश बगौली, मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रो. गोविन्द सिंह बिष्ट और सचिव विनय शंकर पांडेय सहित अन्य लोग उपस्थित थे।


