श्रद्धा कपूर की सबसे लंबी फिल्म बनी ‘ईठा’
मुंबई, 28 नवंबर । अभिनेत्री श्रद्धा कपूर जल्द ही फिल्म ‘ईठा’ के जरिए बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रही हैं। लक्ष्मण उतेकर के निर्देशन में बनी इस पीरियड ड्रामा को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही उत्सुकता बनी हुई है। फिल्म की रिलीज से पहले निर्माताओं ने इसकी सेंसर प्रक्रिया भी पूरी कर ली है। केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) की वेबसाइट के अनुसार, फिल्म को 27 नवंबर को यू/ए 16+ प्रमाणपत्र दिया गया है। फिल्म की कुल अवधि 2 घंटे 52 मिनट है।
‘ईठा’ श्रद्धा कपूर के 16 साल के फिल्मी करियर की अब तक की सबसे लंबी फिल्म बन गई है। इसका रनटाइम प्रभास अभिनीत ‘साहो’ से भी 22 सेकंड अधिक बताया जा रहा है, जिसकी अवधि 2 घंटे 51 मिनट थी। फिल्म में श्रद्धा के साथ रणदीप हुड्डा, जीशान अय्यूब, सिद्धार्थ जाधव, इश्तियाक खान और अनंत जोशी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। दिनेश विजान, लक्ष्मण उतेकर और करिश्मा शर्मा द्वारा निर्मित यह फिल्म ‘छावा’ के बाद निर्देशक लक्ष्मण उतेकर की अगली बड़ी पेशकश है।


