Delhi

आंबेडकर के सपनों से सर्वाधिक खिलवाड़ आआपा सरकार और केजरीवाल ने किया : वीरेंद्र सचदेवा

आंबेडकर के सपनों से सर्वाधिक खिलवाड़ आआपा सरकार और केजरीवाल ने किया : वीरेंद्र सचदेवा

– आआपा सरकार ने दिल्ली के दलित, अल्पसंख्यक एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के शैक्षणिक उत्थान के लिए आवंटित 891 करोड़ रुपये में से केवल 40.80 करोड़ रुपये ही खर्च किए

नई दिल्ली, 14 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि भारत रत्न डा. भीमराव आंबेडकर के सपनों से सर्वाधिक खिलवाड़ दिल्ली की पूर्ववर्ती आम आदमी पार्टी की सरकार और उसके मुखिया अरविंद केजरीवाल ने किया है। उन्होंने कहा कि आआपा सरकार ने दिल्ली के दलित, अल्पसंख्यक एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के शैक्षणिक उत्थान के लिए आवंटित 891 करोड़ रुपये में से पांच फीसद से भी कम 40.80 करोड़ रुपये ही खर्च किए।

उन्होंने कहा कि अपने दस साल के शासन में अरविंद केजरीवाल ने दलित शोषित समाज को बाबा साहेब की तस्वीर दिखा कर उनका राजनीतिक शोषण किया। केजरीवाल ने बाबा साहेब के संदेशों की अवहेलना कर लोगों के शैक्षणिक, सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए कोई काम नहीं किया।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने एक बयान जारी करते हुए कहा कि केजरीवाल ने सचिवालय के कमरों में बाबा साहेब के चित्र लगाए। केजरीवाल ने बाबा साहेब के नाम पर दलितों एवं शोषितों के लिए स्थापित तीन शैक्षणिक योजनाओं को लागू करने और दलित बस्तियों के उत्थान में कोई रुचि नहीं ली। उन्होंने कहा कि केजरीवाल सरकार ने दलित उत्थान को केवल बाबा साहेब के होर्डिंग एवं तस्वीरों तक सीमित रखा और 2020 से 2024 के बीच दलित बस्तियों के उत्थान के बड़े-बड़े सपने दिखाए। दलितों के उत्थान के लिए चार साल में कुल 260 करोड़ रुपये का बजट आवंटन किया परन्तु खर्च मात्र 121 करोड़ रुपये ही किया।

वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि केजरीवाल सरकार ने दलित एवं पिछड़े वर्गों के साथ अल्पसंख्यक और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए बाबा साहेब के नाम पर तीन योजनाएं लागू कीं। उनके लिए बजट आवंटन भी किए परन्तु जमीन पर सब छलावा निकला।

उन्होंने कहा कि आआपा सरकार ने 2020 में अनुसूचित समाज के छात्रों के कल्याण के लिए जय भीम मुख्यमंत्री प्रतिभा विकास योजना लाई। इस योजना पर 2020 से 2024 के बीच 180 करोड़ रुपये आवंटित किए पर 4.4 करोड़ रुपये ही खर्च हुए। इस तरह आआपा ने अल्पसंख्यक, जातीय पिछड़े एवं आर्थिक रूप से पिछड़े छात्रों के लिए भी जय भीम मुख्यमंत्री प्रतिभा विकास योजना लागू की। इस योजना पर चार वर्ष में 250 करोड़ रुपये का बजट आवंटन किया पर खर्च किए मात्र 4.2 करोड़ रुपये। इस तरह मुख्यमंत्री विद्यार्थी प्रतिभा योजना लागू की और 2020 से 2024 के बीच 461 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया लेकिन खर्च सिर्फ 32.2 करोड़ रुपये किए।

वीरेंद्र सचदेवा ने अरविंद केजरीवाल से पूछा कि आखिर दिल्ली के दलित, अल्पसंख्यक एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के शैक्षणिक उत्थान के लिए आवंटित 891 करोड़ रुपये में से पांच फीसद से भी कम 40.80 करोड़ रुपये ही खर्च क्यों किए गए।

—————