Uttarakhand

झगड़े में समर की चाकू मारकर हत्या करने के पांच आरोपित गिरफ्तार

झगड़े में समर की चाकू मारकर हत्या करने के पांच आरोपित गिरफ्तार

-बारात में स्नो स्प्रे को लेकर हुआ था विवाद

हरिद्वार, 23 मई (हि.स.)। बारात में स्नो स्प्रे को लेकर हुए विवाद में चाकू मारकर एक युवक की हत्या करने और तीन अन्य को गंभीर रूप से घायल करने के पांच आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक 21 मई को जनपद के मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पठानपुरा निवासी समरदराज पुत्र उमरदराज की तहरीर पर पुलिस ने शाह आलम, अब्दुल रहमान, फैजू, साहिल, गुलजार द्वारा जान से मारने की नीयत से चाकू से उसके बेटों के ऊपर हमला करने, बेटों के गंभीर रूप से घायल होने तथा एक बेटे समर खान की मृत्यु हो जाने व जान से मारने की धमकी देना के संबंध में मुकदमा दर्ज कराया था।

उल्लेखनीय है कि 20 मई को मंगलौर क्षेत्र से नाजिम की बारात मुजफ्फरनगर गयी थी। बारात स्थल पर स्नो स्प्रे को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था, बीच-बचाव करने के कारण वहां मामला शांत हो गया था। वापसी के वक्त बारात की बस में दोनों पक्षों के बीच फिर से विवाद होने पर एक पक्ष ने कॉल कर अपने साथियों को बुला लिया। समर खान पक्ष जब बस से उतरा तो विपक्षियों ने झगड़े का बदला लेने लिए चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में घायल युवकों को अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने समर खान को मृत घोषित किया गया था तथा तीन अन्य युवकों की हालत को गंभीर देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रैफर कर दिया था।

मामले में आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया था। पुलिस ने मुखबिर कीं सूचना पर पांच आरोपितों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने अपने नाम पते शाह आलम निवासी हनुमान चौक के पास मुजफ्फर नगर हाल निवासी मौ. पठानपुरा मंगलौर, अब्दुल रहमान, फैजू निवासी मुज्फ्फरनगर हाल निवासी मौ. पठानपुरा मंगलौर, अमन उर्फ साहिल पुत्र रियासत निवासी हापुड व गुलजार पुत्र गुलबहार सभी हाल निवासी मौ. पठानपुरा कस्बा मंगलौर, हरिद्वार बताए हैं। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनका चालान कर दिया है।

—————