राजभवन में 27-28 मई को होगी नीति आयोग की बैठक
राजभवन में 27-28 मई को होगी नीति आयोग की बैठक
लखनऊ, 26 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की अध्यक्षता में 27-28 मई को राजभवन में नीति आयोग, भारत सरकार द्वारा “अनुसंधान एवं विकास (R&D) करने में आसानी“ विषय पर दो दिवसीय परामर्श बैठक का आयोजन किया जा रहा है।
इस बैठक का प्रमुख उद्देश्य भारत के अनुसंधान एवं विकास (R&D) पारिस्थितिकी तंत्र को सुदृढ़ बनाना तथा इस क्षेत्र में ईज़ ऑफ डूइंग रिसर्च को बेहतर बनाना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर नीति आयोग देशभर में इस दिशा में केंद्रित परामर्श बैठकों की श्रृंखला आयोजित कर रहा है, जिनका उद्देश्य R&D के क्षेत्र में संरचनात्मक और प्रक्रियात्मक बाधाओं की पहचान कर उनके समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाना है।
राजभवन में आयोजित इस परामर्श बैठक में उत्तर प्रदेश, झारखंड एवं बिहार राज्यों के प्रमुख अनुसंधान संस्थानों, वैज्ञानिक प्रयोगशालाओं एवं केन्द्र एवं राज्य विश्वविद्यालयों के कुलपति, शोधकर्ता और नीति विशेषज्ञ एक मंच पर एकत्र होंगे। बैठक के दौरान फंडिंग तंत्र, नियामक ढांचे तथा संस्थागत प्रक्रियाओं में आने वाली प्रमुख चुनौतियों पर विचार-विमर्श किया जाएगा तथा व्यावहारिक समाधान सुझाए जाएंगे।
यह बैठक उत्तर भारत में अनुसंधान एवं नवाचार को प्रोत्साहन देने, राज्य और केंद्र सरकार के प्रयासों में समन्वय स्थापित करने तथा भारत को वैश्विक R&D हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

