फोस्टर केयर से बच्चों के समग्र विकास के साथ ही परिवारों का भी सशक्तीकरण : न्यायाधिपति गर्ग
फोस्टर केयर से बच्चों के समग्र विकास के साथ ही परिवारों का भी सशक्तीकरण : न्यायाधिपति गर्ग
जोधपुर, 31 मई (हि.स.)। फोस्टर केयर सोसायटी, बाल अधिकारिता विभाग, यूनिसेफ एवं फ्रेंड्स ऑफ फोस्टर केयर इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में मंथन: परिवार हर बच्चे का अधिकार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पालन-पोषण योजना (फोस्टर केयर) को बढ़ावा देना और समाज में इसके प्रति जागरूकता को सशक्त करना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि किशोर न्याय समिति राजस्थान उच्च न्यायालय जोधपुर के अध्यक्ष न्यायाधिपति मनोज कुमार गर्ग ने कहा कि फोस्टर केयर एक अभिनव एवं प्रभावशाली योजना है, जिसकी शुरुआत जोधपुर में होने जा रही है और जोधपुर इस पहल में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। इसके माध्यम से जहां एक ओर बच्चों का समग्र विकास सुनिश्चित हो रहा है, वहीं दूसरी ओर परिवारों का भी सशक्तिकरण हो रहा है।
राजस्थान उच्च न्यायालय किशोर न्याय समिति के वरिष्ठ सलाहकार राकेश कुमार चौधरी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए राजस्थान उच्च न्यायालय किशोर न्याय समिति द्वारा प्रदेश में बाल संरक्षण के क्षेत्र में हो रहे कार्यों की समीक्षा एवं पर्यवेक्षण कार्यक्रम की जानकारी दी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. धीरज कुमार सिंह ने बताया कि उनके द्वारा जोधपुर जिले में एक नई पहल की शुरुआत की गई है जिसके तहत अलग अलग बस्तियों में जाकर के बच्चों की पहचान कर उनकी स्थिति में सुधार लाने का कार्य किया जा रहा है। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि डीसीआर के संयुक्त निदेशक दिलबाग सिंह, यूनिसेफ के बाल संरक्षण विशेषज्ञ डॉ संजय कुमार निराला, फोस्टर केयर सोसायटी उदयपुर की अध्यक्ष डॉ. शिल्पा मेहता थी।
जिला बाल संरक्षण इकाई के सहायक निदेशक डॉ. बीएल सारस्वत ने बताया कि जोधपुर जिले में एक बच्चे को फोस्टर केयर योजना के अंतर्गत एक परिवार से जोड़ा गया है और वह बच्चा वर्तमान में एक सुरक्षित व स्नेहमय वातावरण में सुखपूर्वक जीवन व्यतीत कर रहा है। आगे और अधिक बच्चों को इस योजना से लाभान्वित करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
यूनिसेफ की बाल संरक्षण अधिकारी हेमाली एवं शिवानी सिंघवी ने पावरप्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से फोस्टर केयर योजना की विस्तार से चर्चा की। राजस्थान उच्च न्यायालय बाल सचिवालय से कवयित्री कृष्णा वैष्णव ने फोस्टर केयर पर अपने गीत की प्रस्तुति के साथ कार्यक्रम का संचालन किया।

