MP

इंदौरः विश्व तम्बाकू निषेध दिवस पर निकाली गई जनजागरूकता रैली

इंदौरः विश्व तम्बाकू निषेध दिवस पर निकाली गई जनजागरूकता रैली

– तंबाकू छोड़ने तथा इसके उत्पादों का उपयोग नहीं करने की दिलाई गई शपथ

इंदौर, 31 मई (हि.स.)। विश्व तम्बाकू निषेध दिवस के अवसर पर शनिवार को इंदौर में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बीएस सैत्या और सिविल सर्जन डॉ. जीएल सोढ़ी के मार्गदर्शन में दंत चिकित्सा विभाग द्वारा तम्बाकू सेवन न करने के लिए एक रैली का आयोजन किया गया। इसकी थीम “अपील को उजागर करनाः तंबाकू और निकोटीन उत्पादों पर उद्योग की रणनीति को उजागर करना” थी।

रैली के माध्यम से नागरिकों को तम्बाकू सेवन के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया। इसके साथ ही नागरिकों को तंबाकू के हानिकारक प्रभावों के बारे में जागरूक करने के लिए नुक्कड़ नाटक का भी आयोजन किया गया। नागरिकों को तंबाकू छोड़ने तथा तंबाकू और इसके उत्पादों का उपयोग नहीं करने की शपथ दिलाई गई। तंबाकू सेवन को रोकने के लिए हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया।

इस अवसर पर दंत चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. पारस कुमार रावत, डेंटल सर्जन डॉ. यशोदीप चौहान, डॉ. तृप्ति सिंह भाटी एवं डॉ. नीति पंडित द्वारा तंबाकू परामर्शदाता अर्चना भुजाडे के साथ मिलकर नागरिकों को तंबाकू एवं तंबाकू उत्पादों का सेवन नहीं करने के लिए विभिन्न गतिविधियां करायी गई। विश्व तम्बाकू निषेध दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग तथा मध्यप्रदेश वॉलेण्टरी हेल्थ एसोसिएशन के द्वारा आमजन में जागरुकता उत्पन्न करने हेतु जागरुकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर जिला तम्बाकू नोडल डॉ. शरद गुप्ता, मध्य प्रदेश वॉलेण्टरी हेल्थ एसोसिएशन के अध्यक्ष मुकेश सिन्हा भी उपस्थित थे।

इसके साथ ही इंदौर जिले में विभिन्न स्वास्थ्य संस्थाओं द्वारा भी इस अवसर पर शपथ ग्रहण कर हस्ताक्षर अभियान, संगोष्ठि, रैली आदि का आयोजन किया गया। विभिन्न महाविद्यालों में विद्याथियों द्वारा नुक्कड़ नाटकों का आयोजन भी किया गया।