Delhi

आईएसएसएफ विश्व कप 2025: आर्या-अर्जुन की जोड़ी ने 10 मीटर एयर रायफल स्पर्धा में जीता स्वर्ण

आईएसएसएफ विश्व कप 2025: आर्या-अर्जुन की जोड़ी ने 10 मीटर एयर रायफल स्पर्धा में जीता स्वर्ण

म्यूनिख, 14 जून (हि.स.)। भारत के आर्या बोर्से और अर्जुन बाबुता की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चीन के ज़ीफेई वांग और लिओहाओ शेंग की जोड़ी को 17-7 से हराकर आईएसएसएफ विश्व कप 2025 की 10 मीटर एयर रायफल मिक्स्ड टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

भारतीय जोड़ी ने क्वालिफिकेशन में कुल 635.2 का स्कोर किया था, जो वांग और शेंग की रिकॉर्ड 635.9 के ठीक पीछे रहा। यह स्कोर विश्व रिकॉर्ड के बहुत करीब था। व्यक्तिगत तौर पर आर्या ने 317.5 और अर्जुन ने 317.7 अंक हासिल किए।

इससे पहले आर्या बोर्से ने इस साल की शुरुआत में पेरू के लीमा में आयोजित विश्व कप में रुद्रांक्क्ष पाटिल के साथ मिलकर चांदी का तमगा जीता था।

इस स्पर्धा में भारत की एक और जोड़ी एलावेनिल वलारिवन और अंकुश जाधव 631.8 अंकों के साथ छठे स्थान पर रही और फाइनल के लिए क्वालिफाई नहीं कर सकीं।

नॉर्वे की जेनेट हेग डुएस्टैड और जॉन-हेरमन हेग की जोड़ी ने कांस्य पदक जीता, जिन्होंने अमेरिका की सेजन मैडालेना और पीटर मैथ्यू फियोरी की जोड़ी को 16-14 से मात दी।

इस जीत के साथ भारत के लिए यह इस विश्व कप का चौथा पदक और दूसरा स्वर्ण पदक रहा। इससे पहले सुरुचि सिंह ने स्वर्ण, जबकि सिफ्त कौर समरा और एलावेनिल वलारिवन ने अपने-अपने व्यक्तिगत इवेंट्स में कांस्य पदक जीते थे।

—————