Rajasthan

दिल्ली की युवती को जयपुर बुलाकर 80 लाख ऐंठने वाला मेरठ से आरोपित गिरफ्तार

जयपुर, 14 अक्टूबर । मैट्रीमोनी ऐप के जरिए पहचान बढ़ाकर शादी का झांसा देने, दुष्कर्म करने और 80 लाख रुपये की ठगी के मामले में विधायकपुरी थाना पुलिस ने आरोपित को उत्तर प्रदेश के मेरठ से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपित ने खुद को आयकर विभाग का निरीक्षक बताकर युवती का विश्वास जीता और दिल्ली से जयपुर बुलाकर उसके साथ कई होटलों में शारीरिक संबंध बनाए।

डीसीपी (दक्षिण) राजर्षिराज ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित सरस्वती सागर (27) उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के गंगानगर, भावनपुर का निवासी है। गत 3 सितंबर को नई दिल्ली के पालम विलेज थाने से शून्य नंबर की एफआईआर विधायकपुरी थाने में स्थानांतरित होकर आई थी। पीड़िता ने शिकायत में बताया कि दिसंबर 2025 में शादी डॉट कॉम के माध्यम से उसकी आरोपित से जान-पहचान हुई थी। बातचीत के दौरान आरोपित ने खुद को आयकर विभाग में निरीक्षक बताया और शादी का भरोसा दिलाकर उसे अपने विश्वास में ले लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी पीड़िता को दिल्ली से जयपुर बुलाकर यहां अलग-अलग होटलों में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके अलावा, दिल्ली में फ्लैट खरीदने, नौकरी से जुड़ी परेशानियां दूर कराने और रिश्वत देने सहित अलग-अलग बहाने बनाकर उससे कुल 80 लाख रुपये ले लिए।

इस बीच पीड़िता को आरोपित के किसी अन्य युवती के साथ संबंध होने की जानकारी मिली। इस पर विरोध जताने के बाद आरोपित ने अपने मोबाइल नंबर बंद कर लिए। जांच के दौरान उसकी पूरी प्रोफाइल फर्जी पाई गई।

विधायकपुरी थाना प्रभारी महेश चंद ने बताया कि ठगी और धोखे का अहसास होने पर पीड़िता ने पहले दिल्ली में मामला दर्ज कराया था। वहां से शून्य नंबर की एफआईआर जयपुर भेजी गई। इसके बाद कांस्टेबल भाग्यवर्धन सिंह और रवि कुमार की टीम को आरोपित की तलाश में मेरठ भेजा गया। पुलिस टीम ने आरोपित के घर पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले में पुलिस की ओर से आगे की जांच की जा रही है।