Haryana

कैथल: धान खरीद में देरी से भड़के किसान, मार्केट कमेटी कार्यालय के गेट पर जड़ा ताला

कैथल, 14 अक्टूबर । जिले की अनाज मंडियों में पीआर धान की खरीद और उठान में देरी से परेशान किसानों ने बुधवार को मार्केट कमेटी कार्यालय के दोनों गेट पर ताला लगाकर रोष प्रदर्शन किया। किसानों ने करीब दो घंटे तक धरना देकर खरीद प्रक्रिया तेज करने और सरकारी समर्थन मूल्य पर धान खरीदने की मांग की। नई अनाज मंडी और अतिरिक्त अनाज मंडी में धान की ढेरियां जमा होने से जाम की स्थिति बनी हुई है और धान सड़कों तक पहुंच गया है।किसानों का कहना है कि वे सात से आठ दिनों से मंडियों में फसल लेकर बैठे हैं, लेकिन खरीद नहीं हो रही। सरकार की ओर से पीआर धान का एमएसपी 2461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित है, जबकि किसानों के अनुसार उन्हें 2200 से 2300 रुपये प्रति क्विंटल तक भाव मिल रहा है। इससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।बुधवार सुबह करीब 11 बजे किसानों ने मार्केट कमेटी कार्यालय का एक गेट बंद कर प्रदर्शन शुरू किया। दूसरे गेट पर ताला लगाने के दौरान पुलिस कर्मचारियों से उनकी बहस हो गई। बाद में मार्केट कमेटी सचिव मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन किसान अपनी मांगों पर अड़े रहे। किसान नेता सतपाल दिल्लोवाली ने आरोप लगाया कि मंडियों में शौचालयों की सफाई, फॉगिंग और रात के समय सुरक्षा के पर्याप्त प्रबंध नहीं हैं। गांव पाड़ला निवासी किसान बलवंत ने बताया कि वह आठ दिन से नई अनाज मंडी में सड़क किनारे धान लेकर बैठा है। खरीद नहीं होने के कारण उसे रात भी मंडी में गुजारनी पड़ती है। मच्छरों के कारण वह दो दिन से बुखार से पीड़ित है। नई अनाज मंडी एसोसिएशन के प्रधान कृष्ण मित्तल ने कहा कि ट्रांसपोर्टर की ओर से उठान धीमा होने के कारण धान मंडी से बाहर सड़कों तक पहुंच गया है। इससे जाम लग रहा है और खुले में पड़े धान की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है। उन्होंने बताया कि समस्या से उच्चाधिकारियों को ई-मेल के माध्यम से अवगत करवाया गया है। वहीं, अतिरिक्त अनाज मंडी के प्रधान रघुबीर मलिक ने कहा कि आवक जारी है, लेकिन खरीद और उठान में तेजी नहीं होने से किसान परेशान हैं। उन्होंने व्यवस्था सुधारने की मांग की।