Uttarakhand

नैनीताल के प्रखर साह का आईआईटी कानपुर में पीएचडी के लिए चयन

नैनीताल के प्रखर साह का आईआईटी कानपुर में पीएचडी के लिए चयन

नैनीताल, 19 जून (हि.स.)। नैनीताल नगर के निवासी प्रखर साह का चयन भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर के भूविज्ञान विभाग में पीएचडी शोध कार्यक्रम के लिए हुआ है। इस सफलता से न केवल नैनीताल जनपद गौरवान्वित हुआ है, बल्कि यह उपलब्धि शिक्षा के क्षेत्र में युवाओं को प्रेरणा देने वाली भी मानी जा रही है।

मल्लीताल के विलायत कॉटेज निवासी प्रखर एक शैक्षिक परिवार से आते हैं। उनके पिता प्रगति कुमार साह शिक्षा विभाग में प्रशासनिक अधिकारी के पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं, जबकि माता सीमा साह जूनियर हाई स्कूल खुर्पाताल में शिक्षिका हैं। उनके दादा स्व. नवीन लाल साह जिला शिक्षाधिकारी के पद पर कार्य कर चुके हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सेंट जोसेफ कॉलेज नैनीताल से और भूविज्ञान विषय में स्नातक एवं स्नातकोत्तर की पढ़ाई कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर से पूरी की है। इसके उपरांत उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं-गेट 2025 (भूविज्ञान) एवं यूजीसी-नेट (अर्थ साइंस) में सफलता प्राप्त कर यह उपलब्धि अर्जित की है। उनकी इस उपलब्धि पर परिवार, शिक्षकों व क्षेत्रवासियों में हर्ष का वातावरण है।