सरसों तेल के रेट बढ़ाकर सरकार ने गरीब परिवारों के साथ किया धोखा : सुनैना चौटाला
सरसों तेल के रेट बढ़ाकर सरकार ने गरीब परिवारों के साथ किया धोखा : सुनैना चौटाला
फतेहाबाद, 3 जुलाई (हि.स.)। प्रदेश की बीजेपी सरकार ने सरकारी राशन डिपो पर सरसों के तेल के रेटों में अढ़ाई गुना बढ़ोतरी करने को लाखों बीपीएल परिवारों के साथ धोखा किया है। जैसे-जैसे समय बीत रहा है, वैसे-वैसे प्रदेश की बीजेपी सरकार अपना असली जनविरोधी चेहरा जनता के सामने ला रही है। यह बात इनेलो महिला प्रदेश प्रभारी सुनैना चौटाला ने सरसों के रेट बढ़ाने के फैसले की कड़ी शब्दों में निंदा करते हुए कही। उन्होंने कहा कि अगर प्रदेश सरकार ने बढ़ाये गए रेट को वापस नहीं लिया तो इनेलो इसके खिलाफ सडक़ों पर उतरेगी। उन्होंने गुरूवार को फतेहाबाद में अपने जनसम्पर्क अभियान के दौरान गांव शेखुपुर, खाबड़ा, ढाबी कलां, रामसरा, सिरढ़ान, किरढ़ान, बनावाली और ढाण्ड का दौरा भी किया और ग्रामीणों से मिली और उन्हें इनेलो से जुडक़र संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। सुनैना चौटाला ने कहा कि सरकार की गलत नीतियों के कारण बढ़ रही महंगाई ने पहले ही गरीबों का जीना मुहाल कर रखा था। जैसे-तैसे काम कर गरीब अपने परिवार का पेट भर रहा था लेकिन सरकार गरीबों के मुंह से निवाला छीनकर उन्हें भूखे मरने के लिए मजबूर कर रही है। राशन डिपो पर गरीब परिवारों को पहले 2 लीटर सरसों के तेल की बोतल 40 रुपये में मिलती थी, लेकिन बीजेपी ने इसे अढ़ाई गुना बढ़ाकर 100 रुपये कर दिया है। सरकार के इस फैसले से आम जनता में भारी निराशा है। सरकार का यह फैसला न केवल गरीब विरोधी है बल्कि बीजेपी की असलियत को भी जगजाहिर कर रहा है। सुनैना चौटाला ने कहा कि पहले सरकार के बिजली के रेट बढ़ाकर आम जनता को ठगा और अब तेल के रेट बढ़ाकर भाजपा ने गरीबों के जले पर नमक छिडक़ने का काम किया है। सुनैना चौटाला ने हैरानी जताते हुए कहा कि इस बढ़ोतरी का विरोध करने की बजाय भाजपा के नेता बेशर्मी से इसे मामूली वृद्धि और बाजार भाव से कम होने की बात कह रहे हैं।

