MP

नरसिंहपुर: नेशनल हाईवे 44 पर कंटेनर ने बाइक सवार दाे युवकाें काे रौंदा, पीछे आ रहे कई वाहन भी टकराए

जानकारी अनुसार घटना शनिवार सुबह करीब 11 बजे की है। मृतकों की पहचान जिले के मढ़ पिपरिया निवासी सतीश (28) और अजय लोधी (26) के रूप में हुई है। दोनों युवक बाइक पर सवार होकर नर्मदा नदी के बरमान घाट की ओर जा रहे थे। तभी एक तेज रफ्तार कंटेनर ने उनकी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक कंटेनर में फंस गई और करीब आधा किलोमीटर तक घसीटी गई। इस दौरान कंटेनर के पीछे चल रहे अन्य वाहनों, जिनमें एक ट्रक, दो कार और एक बस शामिल थी, भी कंटेनर से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए जाम लग गया। हादसे की सूचना मिलते ही सुआतला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है, और पुलिस ने कंटेनर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी बी.एल. त्यागी ने बताया कि हादसा झिरा घाटी में हुआ, जहां एक कंटेनर ने बाइक को टक्कर मारी, जिससे दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक कंटेनर में फंसकर घसीटी गई, और पीछे से आ रहे कुछ अन्य वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। हमने मामला दर्ज कर लिया है और कंटेनर चालक की तलाश जारी है।