कार्यग्रहण नहीं करने वाले तीन बीएलओ को किया निलंबित
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी डॉ. एल. एन. बुनकर ने बताया कि अध्यापक अभिलेश योगी, शारीरिक शिक्षक सुरेन्द्र चौधरी, संतोष बुढ़ानिया को बूथ लेवल अधिकारी नियुक्त किया जाकर कार्यग्रहण के लिए आदेशित किया गया था। उक्त कार्मिकों द्वारा उपस्थित नहीं होने पर कारण बताओ नोटिस जारी कर पुनः कार्यग्रहण के लिए आदेशित किया गया था। चुनाव लिपिक, संबंधित सुपरवाइजर एवं ईआरओ द्वारा कई बार-बार दूरभाष पर निर्देशित किये जाने के बावजूद उक्त कार्मिकों द्वारा चुनाव जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य में, घोर लापरवाही एवं उदासीनता बरती गई है। जिससे निर्वाचन का कार्य बाधित हुआ है।
डॉ. एल. एन. बुनकर ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों की अवहेलना एवं राष्ट्रीय महत्ता के कार्य के प्रति घोर लापरवाही, उदासीनता एंव अनुशासनहीनता के चलते अध्यापक अभिलेश योगी, शारीरिक शिक्षक सुरेन्द्र चौधरी, संतोष बुढ़ानिया को तत्काल प्रभाव से निलम्बित किया गया है।

