MP

बंदियों के कल्याण के लिए सरकार प्रतिबद्धः मंत्री संपतिया उइके

मंडला, 16 अगस्त । मध्य प्रदेश के मंडला जिले में शनिवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर जिला जेल में जन्माष्टमी का आयोजन किया गया। इस उत्सव में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग मंत्री संपतिया उइके ने सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने बंदियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार बंदियों के लिए हर संभव मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करा रही है।

उन्होंने जेल में स्थापित सिलाई और कम्प्यूटर प्रशिक्षण केंद्रों का उल्लेख करते हुए कहा कि ये केंद्र न केवल बंदियों का कौशल विकास करेंगे , बल्कि उन्हें एक नया जीवन शुरू करने में भी मदद करेंगे। मंत्री ने यह भी बताया कि उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण से प्रदेश के साथ-साथ सभी बंदियों के कल्याण की भी कामना की है। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म और लीलाओं पर भी प्रकाश डाला।

नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि आज सभी बंदियों को यह संकल्प लेना चाहिए कि वे यहां से जाने के बाद फिर कभी गलती नहीं करेंगे और एक सुखी जीवन जीने का प्रयास करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री संपतिया उइके स्वयं भगवान श्रीकृष्ण की पालकी को पूजा स्थल तक पहुंचाने में शामिल रही। मंत्रोच्चार के बीच भगवान का विधिवत षोडशोपचार पूजन और श्रृंगार किया गया, जिसके बाद उनकी आरती की गई। आरती के बाद सभी बंदियों और उपस्थित अतिथियों को प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर एसडीएम सोनम सिडाम, जेल अधीक्षक संजय सहलाम, ईई पीएचई मनोज भास्कर और बंदी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन अखिलेश उपाध्याय ने किया।