‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ पर मौन मार्च का आयोजन, पीड़ितों को दी श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि विभाजन केवल भौगोलिक सीमाओं का बंटवारा नहीं था, यह करोड़ों परिवारों के सपनों, घरों और भावनाओं का भी बंटवारा था। इस त्रासदी में जिन अनगिनत लोगों ने अपनी जान गंवाई, अपनों को खोया और अपना सब कुछ छोड़कर नई जिंदगी की शुरुआत करनी पड़ी। आज हम उन सभी को नमन करते हैं।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में यह दिन मनाया जा रहा है ताकि आने वाली पीढ़ियां इस दर्दनाक घटना से सबक लें और राष्ट्र की एकता, अखंडता और भाईचारे को बनाए रखने के लिए संकल्पित रहें। उन्होंने कहा कि यह स्मृति दिवस हमें यह याद दिलाता है कि देश की आज़ादी अनगिनत बलिदानों की नींव पर खड़ी है। हमें उन बलिदानों का सम्मान करते हुए हर कीमत पर भारत की एकता और समृद्धि की रक्षा करनी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा दायित्व है कि हम न केवल इस विभाजन की पीड़ा को याद रखें बल्कि यह भी सुनिश्चित करें कि भविष्य में ऐसा कोई दुखद अध्याय दोबारा न दोहराया जाए।
मौन मार्च में विभिन्न सामाजिक संगठनों, स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों ने भी भाग लिया।

