प्रयागराज : पूर्व पार्षद को गोली मारकर मोटरसाइकिल सवार अपराधी फरार
पुलिस उपायुक्त नगर अभिषेक भारती ने बताया कि शुक्रवार सुबह जार्जटाउन निवासी अशोक सोनकर (65) घर से टहलने के लिए पैदल परेड ग्राउंड गया था। वापस लौटते समय बाघम्बरी डाउटपुल के समीप मोटरसाइकिल सवार बदमाश पहुंचे और तमंचे से गोली मारकर फरार हो गए। गोली लगते ही अशोक सोनकर चीखते हुए रोड पर गिर गया। गोली चलने पर पहुंची पुलिस टीम ने घायल पूर्व पार्षद अशोक सोनकर को तत्काल उपचार के लिए स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में भर्ती कराया। इस सूचना पर पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस के मुताबिक मामले की जांच शुरू कर दी है। परिवार के लोगों ने अबतक कोई तहरीर नहीं दी है। हालांकि सूचना लूट की दी गई थी। तहरीर मिलते ही दारागंज थाने में मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

