Haryana

नायब सैनी जनता के सीएम, विपक्ष माने या न माने कोई फर्क नहीं पड़ता: कृष्ण बेदी

मंत्री कृष्ण बेदी मंगलवार को चंडीगढ़ स्थित भाजपा विधायक दल कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि नायब सैनी के नेतृत्व में भाजपा ने न केवल चुनाव लड़ा, बल्कि 48 विधायक जीतकर आए और तीसरी बार पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई। विपक्ष के हाल का सबको पता है। लोग आकलन करके वोट देते हैं। वे लोगों के आकलन में कहीं नहीं ठहरते हैं, फिर ये ईवीएम पर आरोप लगाते हैं।

बेदी ने केंद्र सरकार की ओर से जीएसटी में सुधारों को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 15 अगस्त को इस सुधार की घोषणा की थी और केवल 20 दिनों के भीतर इस घोषणा को पूरा कर दिया गया। इसका उद्देश्य आम आदमी के जीवन को बेहतर करना और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है।

कृष्ण बेदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्व की कांग्रेस की सरकार जीएसटी को लागू नहीं कर पाई। कांग्रेस ने कई अलग-अलग तरह के टैक्स लगा रखे थे जिससे आम लोगों, व्यापारियों आदि को नुकसान होता था।

बेदी ने कांग्रेस के वोट चोरी अभियान को लेकर कहा कि महात्मा गांधी विचार धारा पर देश चलता है। सभी को अपनी बात रखने का अधिकार है। अगर उनको रैली करनी है लोगों के बीच जाना है वो जा सकते हैं यह प्रजातंत्र है। लेकिन लोगों को उनकी बात पर कितना विश्वास होगा यह लोग तय करेंगे।