हमीरपुर में 12वीं छात्रा बनी एक दिन की विधायक
हमीरपुर, 30 सितम्बर । उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में मिशन सशक्तिकरण के अंतर्गत मंगलवार को राठ नगर के चरखारी रोड स्थित सुमन भारती शांति निकेतन सरस्वती बालिका इंटर कॉलेज की 12वीं की छात्रा व भाजपा नगर महामंत्री मुकेश गुप्ता की पुत्री नमी गुप्ता को राठ विधानसभा विधायक मनीषा अनुरागी ने एक दिन का विधायक बनाया। और पद संभालते ही क्षेत्र की तमाम समस्याओं से संबंधित विकास कार्य कराए जाने की बात की।
लोगों की जनसमस्याएं सुनते हुए जलालपुर थाने के रिरुआ गांव निवासी पीड़ित बृजेंद्र कुमार ने बताया कि एक वर्ष पूर्व उसके पुत्र का एक्सीडेंट हो गया था। आरोप है कि पुलिस की उदासीनता के चलते कार्यवाही न करने पर अभी तक मुआवजा नहीं मिला। जिस पर एक दिन के लिए बनी विधायक नमी गुप्ता ने जलालपुर थाना प्रभारी को फोन कर जल्द कार्यवाही करने के लिए निर्देशित किया। इसके अलावा अन्य फरियादियों की भी समस्याएं सुनी गई। और संबंधित विभाग के अधिकारियों को फोन करके जल्द से जल्द गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए।

