भरत मिलाप में उमड़ा आस्था का सैलाब, चारों भाइयों के मिलन से गूंज उठा “जय श्री राम”
नंदीग्राम पहुंचने पर जब हनुमान जी ने भरत को प्रभु श्रीराम के आगमन का समाचार दिया, तो भरत और शत्रुघ्न गुरु वशिष्ठ के साथ उनके स्वागत की तैयारी में लग गए। मंच पर जैसे ही भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण पहुंचे, तो वातावरण “जय श्री राम” के जयघोष से गूंज उठा।
भरत और श्रीराम के मिलन का दृश्य इतना भावनात्मक था कि हजारों की संख्या में उपस्थित दर्शकों की आंखें नम हो गईं। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम ने अपने गुरु वशिष्ठ, माताओं कौशल्या, कैकेयी, सुमित्रा का आशीर्वाद लिया और भाइयों भरत व शत्रुघ्न से गले मिलकर भावुक हो उठे।
चारों भाइयों और माता सीता के रथ पर नगर भ्रमण के दौरान पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूब गया। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर भगवान का स्वागत किया। रातभर जय श्रीराम के जयघोष और भक्तिमय संगीत से चुनार नगरी गूंजती रही।
इस अवसर पर एसडीएम राजेश कुमार वर्मा, सीओ मंजरी राव, कोतवाल विजय शंकर सिंह सहित समिति के अध्यक्ष लक्ष्मीकांत पांडेय, संरक्षक बचाऊ लाल सेठ, उपाध्यक्ष अमित गुप्ता ‘मिट्ठू’ व अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

