Delhi

उत्सव मेरे प्राणः भारतीयता का स्वर दीपावली

भारतीय उत्सव केवल पर्व नहीं, बल्कि सनातन चेतना के दीप हैं — जो हर युग में हमारे भीतर धर्म, प्रेम, शक्ति और एकता की ज्योति प्रज्वलित करते रहे हैं। भारत की आत्मा जब मुस्कुराती है, तो वह उत्सव के रूप में अभिव्यक्त होती है। यहाँ ऋतुएँ बदलती हैं तो पर्व जन्म लेते हैं, फसल पकती है तो त्यौहार मनाए जाते हैं, और जीवन के हर मोड़ पर कोई न कोई संस्कार साथ चलता है। विदेशी आक्रमणों के समय यही उत्सव हमारी सांस्कृतिक रक्षा-पंक्ति बने और भारतीय अस्मिता के प्रहरी रहे। सनातन संस्कृति में उत्सव मात्र परंपरा नहीं, बल्कि भारत की वास्तविक प्राणशक्ति हैं।

भारतीयता के स्वर, जो सनातन संस्कृति से उद्भूत हैं, उनमें उत्सव जीवन के मधुर राग बनकर प्रवाहित होते हैं। हर उत्सव किसी गहन दर्शन से जुड़ा है। महर्षि पतंजलि ने कहा — “योगश्चित्तवृत्तिनिरोधः”, अर्थात योग मन की वृत्तियों का निरोध है। उत्सव वही योग हैं — जहाँ व्यक्ति ‘मैं’ से ऊपर उठकर ‘हम’ में विलीन होता है, क्योंकि धर्म जीवन से अलग नहीं, बल्कि उसका स्वाभाविक और गतिशील अंग है। दीपावली इसका श्रेष्ठ उदाहरण है — जो अध्यात्म, संस्कृति, मानवता, नारी, प्रकृति, सत्य और सह-अस्तित्व के स्वरों को एक साथ झंकृत करती है।

भारतीयता का प्रथम स्वर अध्यात्म का है — वह आंतरिक प्रकाश जो बाहरी जगमगाहट से कहीं अधिक स्थायी और सार्थक है। जब हम दीप प्रज्वलित करते हैं, तो वस्तुतः अपने भीतर के अंधकार को दूर कर आत्मप्रकाश की ओर अग्रसर होने का संकल्प लेते हैं। भगवान राम की अयोध्या वापसी उसी दिव्य यात्रा का प्रतीक है — जहाँ अंधकार पर ज्ञान, असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म का आलोक विजयी होता है। बृहदारण्यक उपनिषद् की वाणी “तमसो मा ज्योतिर्गमय” आज भी प्रासंगिक है, क्योंकि आधुनिक जीवन के तनाव, अपेक्षाएँ और आत्मकेंद्रितता हमें भीतर लौटने की आवश्यकता दिखाते हैं। आज Gen Z जब “माइंडफुलनेस” और “सेल्फ-अवेयरनेस” की बात करती है, तो दीपावली सिखाती है कि सच्चा प्रकाश किसी स्क्रीन पर नहीं, बल्कि हमारे भीतर की सजगता, संयम और चेतना में है।

भारतीयता का दूसरा स्वर संस्कृति का है — जो विविधता में एकता का उज्ज्वल संदेश देता है। दीपावली इस भावना को मूर्त करती है, जब पूरा भारत एक ही आलोक में दिखता है — उत्तर में राम की विजय, दक्षिण में कृष्ण का नरकासुर-वध, पूर्व में माँ काली की आराधना और पश्चिम में नए वर्ष का स्वागत। रूप अलग हैं, पर भाव एक — अंधकार से प्रकाश की यात्रा। यही विविधता भारतीयता की पहचान है, जैसा ऋग्वेद कहता है — “एकं सत् विप्रा बहुधा वदन्ति,” सत्य एक, रूप अनेक; यही स्वर “वसुधैव कुटुम्बकम्” की भावना को भी सजीव करता है।

यही वह क्षण है जब भारतीयता का स्वर आधुनिकता से संवाद करता है — जहाँ सनातन परंपरा आधुनिकता को विरोध नहीं, बल्कि पूरक दृष्टि से देखती है। सोशल मीडिया पर Gen Z की “#SustainableDiwali” और “#Local for Vocal” जैसी पहलकदमियाँ दीपोत्सव को आत्मनिर्भर ही नहीं बना रहीं, बल्कि मिट्टी के दीयों को फिर से लोकप्रिय बनाकर संस्कृति और प्रकृति से जुड़ने वाली नई भारतीयता की आवाज़ बन रही हैं। यही आधुनिक भारतीयता का सार है — जहाँ परंपरा प्रकाश देती है और आधुनिकता दिशा।

भारतीयता का अगला स्वर मानवता और सह-अस्तित्व का है — जो सिखाता है कि जीवन का अर्थ केवल अपने सुख में नहीं, बल्कि साझा आनंद में है। अयोध्या का दीपोत्सव इसी का प्रतीक है — जब पूरा नगर अपने नायक के साथ जुड़कर धर्म और नैतिक व्यवस्था की पुनर्स्थापना का उत्सव मनाता है, और लोग स्वयं को एकजुट और सुरक्षित महसूस करते हैं। अतः दीपावली सामूहिक आनंद (Community Celebration) और सामाजिक एकता का अनुष्ठान (Social Cohesion Ritual) है — जो संदेश देता है कि प्रकाश तभी सार्थक है जब वह दूसरों तक पहुँचे। आज की युवा पीढ़ी — विशेषकर Gen Z — जब “सामाजिक प्रभाव (Social Impact)”, “मानसिक स्वास्थ्य” और “सामुदायिक निर्माण (Community Building)” की बात करती है, तो वे अनजाने में उसी भारतीय परंपरा को आधुनिक संदर्भ में जी रही होती हैं। जब युवा झुग्गियों में दीप जलाते हैं, वह क्षण सह-अस्तित्व और करुणा के जीवंत प्रतीक बन जाता है।

भारतीयता का चौथा स्वर नारीशक्ति है — सृजन, संतुलन और संवेदना का प्रतीक, जिसकी दीपावली में माँ लक्ष्मी के रूप में आराधना होती है; पर आज की लक्ष्मी केवल धन की नहीं, बल्कि ज्ञान, विवेक और नेतृत्व की देवी हैं। जब माताएँ श्रम और सौंदर्य से घर सजाती हैं, तो यह इंगित करता है कि भक्ति और सौंदर्य विरोधी नहीं, बल्कि एक ही साधना के दो आयाम हैं। आज की युवा नारी उसी ज्योति का आधुनिक स्वरूप है — जो परंपरा में आत्मविश्वास और आधुनिकता में मर्यादा का प्रकाश लाती है। “छोटी दीपावली” भी उसी स्मृति की लौ है जब कृष्ण ने नरकासुर से सोलह हज़ार स्त्रियों को मुक्त किया। यह प्रसंग स्मरण कराता है कि नारी सम्मान और स्वतंत्रता भारतीय चेतना का मूल है । यह अन्याय के विरुद्ध सामाजिक प्रतिरोध (Social Resistance) को उद्बोधित करता है — बताते हुए कि धर्म मात्र पूजा-पाठ नहीं, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व और नैतिक साहस का सजीव प्रकाश है।

भारतीयता का अगला स्वर प्रकृति-सामंजस्य का है। मिट्टी के दीपक, फूलों की मालाएँ और गोबर की सजावट सिखाती हैं कि जीवन का सौंदर्य प्रकृति के संतुलन में है। मिट्टी के दीये और बर्तन जीवन की क्षणभंगुरता के प्रतीक हैं और याद दिलाते हैं कि रूप, धन और सत्ता अंततः मिट्टी में लौट जाते हैं।

दीपावली के अगले दिन मनाया जाने वाला अन्नकूट पर्व भारतीय कृषि-संस्कृति का उज्ज्वल प्रतीक है। इस दिन भगवान कृष्ण ने इंद्र की पूजा त्यागकर गोवर्धन पर्वत और गौवंश की आराधना का संदेश दिया — कि सच्चा धर्म केवल देवताओं की उपासना में नहीं, बल्कि प्रकृति और अन्नदाता के प्रति आदर में निहित है। बलराम का ‘हलधर’ रूप कृषि और श्रम की पवित्रता का प्रतिनिधित्व करता है। विविध अन्नों से सजा “अन्नकूट” वेदवाक्य “अन्नं ब्रह्म” — अन्न ही ब्रह्म है — की सजीव व्याख्या है।

आज जब Gen Z “हरित (Eco-friendly) Diwali” का संकल्प लेती है, तो वह प्राचीन कृषि-दर्शन को आधुनिक रूप देती है — यह दर्शाते हुए कि सच्चा विकास विवेक और पर्यावरणीय संतुलन में निहित है — यही आधुनिक भारतीयता का सार है, जहाँ प्रकाश का अर्थ सचेत जीवन (Conscious Living) है।

दीपावली का अंतिम और सबसे प्रभावी स्वर ‘सत्य, कर्तव्य और मर्यादा’ का है — जो केवल उपदेश नहीं, जीवन का आचरण है। भगवान राम की विजय मर्यादा, सत्य और करुणा की पुनर्स्थापना थी, यह सिखाते हुए कि सच्ची शक्ति शस्त्र में नहीं, आत्मसंयम और चरित्र में है — “सत्यं वद, धर्मं चर।” इसी संदर्भ में माता लक्ष्मी की कथा बताती है कि समृद्धि संघर्ष (मंथन) से उत्पन्न होती है, न कि संयोग से। लक्ष्मी पूजन स्मरण कराता है कि अर्थव्यवस्था भौतिक नहीं, बल्कि आध्यात्मिक प्रक्रिया है। एक धर्मनिष्ठ अर्थव्यवस्था (Ethical Economy) में धन साधन है, साध्य नहीं; वह तभी पवित्र है जब मानवता की सेवा में हो। आर्थिक दृष्टि से भी दीपावली व्यापार का नया वर्ष और आर्थिक नवचेतना (Economic Renewal) का प्रतीक है। इस समय समाज में विनिमय (Exchange) और पुनर्वितरण (Redistribution) की प्रक्रिया सक्रिय होती है। उपहार, मिठाई और वस्त्रों का आदान-प्रदान केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि पारस्परिकता (Reciprocity) का प्रतीक है जो सामाजिक संबंधों को सुदृढ़ करता है।

अतः सामाजिक दृष्टि से दीपावली सांस्कृतिक एकात्मता (Cultural Integration) और सामूहिक पुनर्जागरण का उत्सव है, जबकि आध्यात्मिक दृष्टि से यह अंधकार से प्रकाश, स्वयं से विश्व और क्षण से अनंत की ओर अग्रसर एक शाश्वत यात्रा है — जहाँ प्रत्येक दीप कहता है, “मैं जलता हूँ ताकि कोई अंधेरे में न रहे” यही भारतीयता का प्रखर स्वर है — जो जीवन को समग्र सृष्टि के कल्याण हेतु जीने की प्रेरणा देता है। उपनिषदों का मंगल मंत्र इसी भावना को सार रूप में व्यक्त करता है —

“सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः।

सर्वे भद्राणि पश्यन्तु, मा कश्चिद् दुःखभाग्भवेत्॥”

(लेखिका, दिल्ली स्कूल ऑफ़ इकोनॉमिक्स से पीएच.डी. हैं और सामाजिक कार्यों में सक्रिय हैं।)