Rajasthan

सतर्कता: हमारी साझा जिम्मेदारी थीम पर जागरूकता का संदेश

संगोष्ठी की अध्यक्षता वरि. उप महा प्रबंधक एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी नीरज कुमार ने की। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा, अपर मंडल रेल प्रबंधक द्वय ललित कुमार धुरंधर एवं योगेश कुमार मित्तल, मुख्य परियोजना प्रबंधक (जीएसयू) सौरभ मिश्रा, मुख्य परियोजना प्रबंधक (कंस्ट्रक्शन) विनय पांडे, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन एवं वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी सुप्रकाश सहित मंडल के सभी शाखा अधिकारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा द्वारा कोटा मंडल में चल रही विभिन्न गतिविधियों एवं प्रगति की जानकारी वरि. उप महा प्रबंधक एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी नीरज कुमार को पावर पॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से दी गई।

कार्यक्रम के दौरान उप मुख्य सतर्कता अधिकारी (ई.) सौरव कुमार, उप मुख्य सतर्कता अधिकारी (भंडार) मनोज महावर, उप मुख्य सतर्कता अधिकारी (यातायात) धनराज सिंह जाटव, उप मुख्य सतर्कता अधिकारी (ए. एवं पी.) अनिल कुमार तिवारी तथा वरिष्ठ सतर्कता अधिकारी (विद्युत) मनीष श्रीवास्तव द्वारा पावर पॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से रेलवे के अनुशासनात्मक नियम, आचरण संहिता, ठेके संबंधी प्रक्रियाओं में पारदर्शिता तथा गलत कार्य पद्धतियों को रोकने के उपायों पर विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही कुछ महत्वपूर्ण मामलों के अध्ययन के उदाहरण भी प्रस्तुत किए गए, जिससे अधिकारियों और कर्मचारियों को व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त हो सके।

सत्र के दौरान उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ संवादात्मक चर्चा भी हुई। नीरज कुमार ने प्रक्रिया में होने वाली संभावित त्रुटियों पर प्रश्न पूछे और समाधान सुझाए। उन्होंने कहा कि कार्यस्थल पर सत्यनिष्ठा और पारदर्शिता रेलवे की सबसे बड़ी प्राथमिकता है और प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी का कर्तव्य है कि वे नियमों और नीतियों का पालन करते हुए संगठन के विकास में योगदान दें।

इस अवसर पर मंडल कार्यालय एवं डिपो के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ-साथ डब्ल्यूआरएस, गतिशक्ति इकाई और निर्माण विभाग कोटा के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे। रेलवे प्रशासन ने बताया कि ऐसे संगोष्ठियों और अभियानों के माध्यम से कर्मचारियों में अनुशासन, ईमानदारी और स्वच्छ कार्यप्रणाली को प्रोत्साहित किया जाता रहेगा।