Rajasthan

हरियालो राजस्थान में 11 करोड़ 61 लाख से अधिक वृक्षारोपण – मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

जयपुर, 26 अक्टूबर । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात‘ कार्यक्रम की 127वीं कड़ी में देशवासियों को संबोधित किया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सवाई मानसिंह स्टेडियम के इंडोर हाॅल में ‘मन की बात‘ कार्यक्रम को सुना।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के एक पेड़ मां के नाम अभियान से प्रेरित होकर राज्य सरकार मुख्यमंत्री वृक्षारोपण महाअभियान हरियालो राजस्थान चला रही है। इस अभियान में इस वर्ष अब तक 11 करोड़ 61 लाख से अधिक वृक्ष लगाए गए हैं। इन वृक्षों से प्रदेश में ग्रीन कवर के साथ ही जैव विविधता को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवा उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। आज का युवा नौकरी खोजने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बनना चाहता है। यह सोच बदलाव की पहली सीढ़ी है। अब तक युवा उद्यमियों को 140 करोड़ रुपये का ऋण स्वीकृत किया गया है। शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार ने अपने लगभग दो वर्षों के कार्यकाल में 91 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी है। वहीं 1 लाख 55 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रियाधीन है।

इस दौरान उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़, उद्योग राज्य मंत्री के.के. विश्नोई, राज्यसभा सांसद मदन राठौड़, विधायक जितेन्द्र गोठवाल, खेल एवं युवा मामलात सचिव नीरज के. पवन सहित बड़ी संख्या में आमजन एवं युवा उपस्थित रहे।