हिमाचल में 5 से 7 अक्तूबर तक बरसेंगे बादल, कई जिलों में येलो-ओरेंज अलर्ट
5 अक्तूबर को किन्नौर और लाहौल स्पीति को छोड़कर बाकी सभी जिलों में बारिश, ओलावृष्टि, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना जताई गई है। 6 अक्तूबर को मौसम के सबसे अधिक कड़े तेवर देखने को मिलेंगे। इस दिन के लिए मौसम विभाग ने 7 जिलों चम्बा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, किन्नौर और लाहौल स्पीति में ओरेंज अलर्ट जारी किया है। जबकि ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, सोलन और सिरमौर जिलों में येलो अलर्ट रहेगा।
7 अक्तूबर को भी बारिश और ओलावृष्टि का सिलसिला जारी रहेगा और इस दिन पूरे प्रदेश के लिए येलो अलर्ट रखा गया है। लगातार तीन दिन खराब मौसम से पहाड़ी इलाकों में ठंडक बढ़ जाएगी और तापमान में गिरावट दर्ज होगी।
विभाग के अनुसार राज्य में औसतन न्यूनतम तापमान में 0.6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। जनजातीय क्षेत्र ताबो में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे कम रहा। वहीं राजधानी शिमला में न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री, मनाली में 13.1, कुफ़री में 13.7, कल्पा में 8.4 और कुकुमसेरी में 7.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क और सुरक्षित रहने की सलाह दी है।

