दक्षिण एशियाई सीनियर एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में भारत का दबदबा बरकरार, दूसरे दिन जीते 7 स्वर्ण सहित 18 पदक
श्रीलंका ने भी मजबूत प्रदर्शन जारी रखा, उसने दूसरे स्थान पर रहते हुए कुल 8 स्वर्ण सहित 23 पदक हासिल किए हैं, जबकि नेपाल तीन कांस्य पदकों के साथ तीसरे स्थान पर है।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन भारतीय एथलीटों ने विशेष रूप से बाधा दौड़, मध्यम दूरी और थ्रोइंग इवेंट्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
दूसरे दिन की प्रमुख झलकियां
– महिला 100 मीटर बाधा दौड़ (हर्डल्स) में भारत की नंधिनी ने 13.56 सेकंड का समय लेकर स्वर्ण जीता। मौमिता मंडल (भारत) ने रजत और विजेवेरा विथा (श्रीलंका) ने कांस्य पदक जीता।
-पुरुष 110 मीटर बाधा दौड़ में भारत के मानव आर ने 13.78 सेकंड में स्वर्ण जीता। वहीं श्रीलंका के रनतुंगे रोशन ने रजत और भारत के कृषिक एम ने कांस्य पदक हासिल किया।
– महिला 1500 मीटर फाइनल में भारत की संजना सिंह ने 4:25.36 मिनट में दौड़ पूरी कर स्वर्ण पदक जीता। यह उनका इस चैम्पियनशिप का दूसरा स्वर्ण है। श्रीलंका की डब्ल्यूकेएल अरच्च निमाली ने रजत और भारत की काजल कंवडे ने कांस्य पदक जीता।
• पुरुष 1500 मीटर फाइनल में भारत के अर्जुन वास्कले ने 3:54.58 मिनट में स्वर्ण पदक जीता। श्रीलंका के गल्लागे रुसीरु चाथ और रोजिदीन मोहामथु ने क्रमशः रजत और कांस्य पदक हासिल किया।
• महिला 400 मीटर फाइनल में भारत की नीरू पाठक ने 53.15 सेकंड में स्वर्ण पदक जीता, जबकि साथी खिलाड़ी ओलिंबा स्टेफी ने रजत और श्रीलंका की मेंडिस बलापुवा सयु ने कांस्य पदक प्राप्त किया।
• महिला डिस्कस थ्रो (चक्का फेंक) में भारत ने दबदबा बनाए रखा। सीमा ने 55.14 मीटर की दूरी फेंककर स्वर्ण जीता, निधि ने रजत और श्रीलंका की असगीरिये गेदारा विनोद ने कांस्य जीता।
• पुरुष डिस्कस थ्रो में भारत के किरपाल सिंह ने 56.22 मीटर की सर्वश्रेष्ठ दूरी फेंककर स्वर्ण पदक जीता। निर्भय सिंह (भारत) ने रजत और डब्ल्यूडीएम मिलंत संपत (श्रीलंका) ने कांस्य पदक प्राप्त किया।
• पुरुष हाई जंप में श्रीलंका के ए समरवीरा ने 2.17 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक जीता। भारत के रोहित (2.15 मीटर) ने रजत और आदर्श राम (2.09 मीटर) ने कांस्य पदक जीता।
• पुरुष 400 मीटर फाइनल में श्रीलंका के हेवा कुमारगे कालिन ने 46.21 सेकंड में स्वर्ण जीता। भारत के मो अशफाक ने रजत और श्रीलंका के कुरुविटगे काल्हारा ने कांस्य पदक जीता।
रिले स्पर्धाओं में प्रदर्शन
• पुरुषों की 4 गुणा 100 मीटर रिले में श्रीलंका की टीम ने 39.99 सेकंड का नया मीट रिकॉर्ड बनाकर स्वर्ण पदक जीता। भारत (40.65 सेकंड) ने रजत और बांग्लादेश (40.94 सेकंड) ने कांस्य पदक प्राप्त किया।
• महिलाओं की 4 गुणा 100 मीटर रिले में भी श्रीलंका ने 44.70 सेकंड में स्वर्ण पदक जीता। भारत (44.93 सेकंड) ने रजत और मालदीव (47.79 सेकंड) ने कांस्य पदक प्राप्त किया।
वहीं भारत ने विभिन्न स्पर्धाओं में लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक तालिका में शीर्ष स्थान बनाए रखा है, जबकि श्रीलंका निकट प्रतिस्पर्धा में दूसरे स्थान पर और नेपाल तीसरे स्थान पर है।
खिलाड़ियों और अधिकारियों ने झारखंड सरकार और आयोजन समिति की ओर से प्रदान की गई विश्वस्तरीय सुविधाओं, उत्कृष्ट आयोजन और गर्मजोशी भरे आतिथ्य की प्रशंसा की है।

