हिमाचल में तालाबंदी के तीन साल, जनता बेहाल : डॉ राजीव बिंदल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा किनाहन मेडिकल कॉलेज व अस्पताल निर्माण के लिए 261 करोड़ रुपये केन्द्र की मोदी सरकार द्वारा दिए गए हैं। 300 बिस्तरों के अस्पताल निर्माण एवं संचालन के लिए नाहन में 120 बीघा जमीन मैडिकल कॉलेज के नाम है। 200 बिस्तरों का अस्पताल बना हुआ है, 300 बिस्तरों के अस्पताल के लिए 11 मंजिल के 2 भवन बनाए जा रहे थे जिसमें से एक भवन 7 मंजिल बन भी चुका है, वन विभाग की स्वीकृतियां लेने के बाद पेड़ काटे जा चुके हैं, लाखों लीटर पानी का टैंक व व्यवस्था की जा चुकी है परन्तु 3 साल से अस्पताल निर्माण का काम बंद पड़ा है और एकाएक ताला लगाने का फरमान जारी कर दिया है। 3 साल में नया अस्पताल बन कर तैयार हो जाता या मुख्यमंत्री उद्घाटन करते, जनता को समर्पित करते, जनता आशीर्वाद देती।
डॉ. बिन्दल ने कहा कि 3 साल बीत जाने पर यह फैसला आ रहा है कि नई जगह पर मेडिकल कॉलेज व अस्पताल बनाया जाएगा। कब वन विभाग की स्वीकृति आएगी, कब जंगल काटा जाएगा, कब सड़कें, बिजली, पानी लगेगा, कब ड्रॉईंग बनेगी, कब टैण्डर होंगे और कब अस्पताल बनेगा, जो बना बनाया है उसे ताला लगा रहे हैं, नया कुंआ खोदेंगे, फिर पानी पीयेंगे। नाहन में आवागमन के साधन हैं, मरीजों के लिए रहने के, खाने-पीने के लिए, दवा के लिए सभी साधन मौजूद हैं।

