Rajasthan

भाजपा सरकार ने संवैधानिक संस्थाओं में सेंधमारी करके लोकतंत्र को कमजोर करने का काम किया: सचिन पायलट

सचिन पायलट ने टोंक जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण में सतर्कता के लिए लगाये गये कांग्रेस पार्टी के बीएलए के प्रशिक्षण कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए उक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने कई राज्यों की मतदाता सूचियों की जांच करवाकर उनमें पायी गई त्रुटियों को उजागर किया है। ये त्रुटियां अनजाने में नहीं हुई है, ये जान-बूझकर साजिशन की गई गलतियां है।

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि केन्द्र्र सरकार ने मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति की प्रक्रिया में संशोधन करके इसको लचर करने का काम किया। भाजपा की सरकार ने बिहार में चलते चुनाव के बीच प्रत्येक महिला के खाते में 10-10 हजार रूपये डालने का काम किया और चुनाव आयोग मूकदर्शक बनके बैठा रहा। इससे साफ जाहिर है कि चुनाव आयोग की निष्पक्षता धीरे-धीरे खत्म होती जा रही है। उन्होंने कहा कि हमें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना होगा। देश बदलने से पहले स्वयं को बदलना होगा। पायलट ने कहा कि हमें सक्रिय रहकर सतर्कता के साथ मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण कार्य में अपनी प्रभावी भूमिका का निर्वहन करना होगा।