Rajasthan

चित्तौड़गढ़ को जल संचय जन भागीदारी 1.0 में 25 लाख का राष्ट्रीय पुरस्कार, मंगलवार को दिल्ली में सम्मानित होंगे जिला कलक्टर

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग चित्तौड़गढ़ से मिली जानकारी के अनुसार जल संचय जन भागीदारी 1.0 भारत सरकार का एक व्यापक सामुदायिक कार्यक्रम है। इसका उद्देश्य जल संसाधनों के संरक्षण, प्रबंधन और पुनर्भरण को जनभागीदारी के माध्यम से मजबूत बनाना है। बढ़ते भूजल संकट, घटते जलस्तर और अनियमित वर्षा जैसी चुनौतियों को देखते हुए यह अभियान सरकार, पंचायतों, स्वयंसेवी संगठनों और आमजन को एकजुट कर प्रभावी कार्य करने पर केंद्रित है। कार्यक्रम की अवधि 1 अप्रेल 2024 से 31 मई 2025 निर्धारित थी। इस कार्यक्रम के तहत जिले में ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग, वन विभाग, जलग्रहण विकास एवं भू संरक्षण विभाग, जल संसाधन विभाग आदि की संयुक्त टीमों द्वारा 7,540 जल संग्रहण एवं भूजल पुनर्भरण संरचना जैसे एनिकट, चेकडेम, तलाई, परकोलेशन टैंक, रूफ-टॉप रेन वाटर हार्वेस्टिंग स्ट्रक्चर, सोक-पिट और रिचार्ज शाफ्ट का निर्माण एवं जीर्णोद्धार किया गया। वहीं 1 अप्रेल 2024 से 15 जुलाई 2024 तक चलाए गए विशेष अभियान का प्रभाव जिले के भूजल स्तर में स्पष्ट रूप से देखा गया। भूजल विभाग की और से जारी 2024 के मानसून पूर्व एवं मानसून बाद आंकड़ों के अनुसार चित्तौड़गढ़ जिले में भूजल स्तर में 13.99 मीटर की वृद्धि दर्ज की गई। यह वृद्धि राज्य में सर्वाधिक है। यह उपलब्धि जिले के सुनियोजित प्रयासों और जनभागीदारी आधारित जल संरक्षण की सफलता को प्रमाणित करती है। इधर, जिला कलक्टर के सम्मानित होने पर प्रशासनिक अमले में भी खुशी दिखाई दी तो यह चित्तौड़गढ़ के लिए भी गर्व की बात है।