मतदाता पुनरीक्षण अभियान में जुटें भाजपा कार्यकर्ता: धर्मपाल
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि मतदाता पुनरीक्षण प्रक्रिया लोकतांत्रिक जागरूकता का व्यापक अभियान है। भाजपा कार्यकर्ता इस कार्य में जुटें। कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से छूट न जाए और कोई भी बोगस नाम मतदाता सूची में शामिल ना रह पाए,इस दोहरी ज़िम्मेदारी को पूरी निष्ठा के साथ निभाना है। अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए जिला एवं विधानसभा स्तर पर वॉररूम तैयार किए गए हैं, जो प्रदेश स्तर पर बने वॉर रूम से तकनीकी रूप से से जुड़े रहेंगे। संगठनात्मक तालमेल और तकनीकी की सतत् निगरानी से अभियान को जन जन का अभियान बनाना है।
धर्मपाल सिंह ने कहा कि विधानसभा स्तर पर बीएलए-1 तथा बूथ स्तर पर बीएलए-2 को आपसी सामंजस्य और सहयोग के साथ काम करना है। बीएलए-1 तथा बीएलए-2 के साथ बूथ प्रवासी भी नियुक्त किए गए है। तीनों ही मिलकर कार्य विभाजन करते हुए कार्य करें और बूथ अध्यक्ष को भी साथ लेकर प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचने की रणनीति बनाकर काम करें। सभी मिलकर बूथ स्तर पर सत्यापन, संपर्क और सूचनाओं के आदान प्रदान का महत्वपूर्ण कार्य करेंगे। इस व्यवस्था से अभियान को गति भी मिलेगी तथा विश्वसनीयता और पारदर्शिता भी सुनिश्चित होगी।

