Uttarakhand

अवैध कॉलोनियों पर चला प्राधिकरण का बुलडोजर

पुलिस की मौजूदगी में की गई इस कार्रवाई के तहत राजा गार्डन के समीप सूरज सैनी द्वारा विकसित कॉलोनी, रामा एनक्लेव से आगे ग्राम इक्कड़ में मोज्जम अली द्वारा अनाधिकृत रूप से विकसित, ग्राम इक्कड़ में ही श्मशान घाट के पास की कालोनी, ग्राम खंजनपुर में शमीम द्वारा विकसित अवैध कॉलोनी, रुड़की में शेरपुर शनि मंदिर के आगे कमल किशोर द्वारा विकसित तथा श्यामपुर कांगड़ी में बृजमोहन राणा द्वारा विकसित की जा रही अवैध कॉलोनिओं को प्राधिकरण की शाखा हरिद्वार व रुड़की कार्यालय की टीम ने ध्वस्त किया।

हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष आईएएस श्रीमती सोनिका ने बताया कि इन सभी अनूदित कॉलोनी को लेकर हरिद्वार विकास प्राधिकरण में वाद पंजीकृत हैं। इन सभी अनधिकृत डेवेलपर्स को प्राधिकरण ने सुसंगत धाराओं के अन्तर्गत कार्यवाही करते हुए सुनवाई का पर्याप्त अवसर प्रदान किया।

अनधिकृत निर्माणकर्ताओं ने आदेशों की अवहेलना करते हुए अनधिकृत निर्माण कार्य जारी रखा, जिसके बाद अनधिकृत कॉलोनियों के सम्बन्ध में उत्तराखण्ड नगर एवं ग्राम नियोजन व विकास अधिनियम-1973 यथा संशोधित 2013 की सुसंगत धाराओं के अन्तर्गत ध्वस्तीकरण की कार्यवाही की गयी। मौके पर अनधिकृत निर्माणकर्ताओं को चेतावनी दी गई कि बिना प्राधिकरण की स्वीकृति के कोई निर्माण या विकास कार्य न करें।