पानीपत में हत्या का तीसरा आरोपी गिरफ्तार
थाना तहसील कैंप प्रभारी इंस्पेक्टर दीवान सिंह ने बताया कि पूछताछ में आरोपी हिमांशु ने मामले में पहले गिरफ्तार हो चुके अपने दो साथी आरोपियों आकाश व नीशू के साथ मिलकर रंजिशन उक्त वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकार किया है। प्रभारी इंस्पेक्टर दीवान सिंह ने बताया कि मामले में पहले गिरफ्तार हो चुके आरोपी आकाश व नीशू ने पूछताछ में पुलिस को बताया था की आकाश का बीते फरवरी माह में अंकित के साथ किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। झगड़े के बाद से वह अंकित ने रंजिश रखे हुए था। 14 सितंबर को उन दोनों ने अपने साथी दिनानाथ कॉलोनी निवासी हिमांशु के साथ मिलकर गली में अंकित पर गंडासी से हमला कर हत्या कर मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक रॉड व दो बाइक बरामद कर दोनों आरोपियों को जेल भेजने के बाद फरार आरोपी हिमांशु की धरपकड़ शुरू कर दी थी। गुरुवार को पूछताछ के बाद आरोपी हिमांशु को न्यायालय में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

