Haryana

सिरसा: डबवाली में अतिक्रमण हटाओ अभियान, लोगों ने जताया विरोध

लोगों के घरों के बाहर बने थड़ें व गेट के रैंप धड़ाधड़ करके टूटने शुरू हो गए। लोगों को जैसे ही इसका पता चला सैकड़ो की तादाद में इलाके के लोग विरोध में उतर आए। लोगों ने अधिकारियों का घेराव कर जवाब तलबी की। लोगों ने पूछा कि आखिर 14 नंबर वार्ड को अभियान के लिए क्यों चुना गया। लोगों ने कहा कि वार्ड नंबर 1/2 व 3 में प्रभावशाली लोग रहते हैं। इसलिए नगर परिषद के अधिकारी वहां अभियान की शुरुआत करने की हिम्मत नहीं जुटा पाए। यहां लोगों के घरों के बाहर बने दो-दो फीट के चबूतरे भी तोड़े जा रहे हैं। मौके पर मौजूद दर्शन सिंगला, मनोज व अन्य ने कहा कि नगर परिषद अपने कार्यों को लेकर फेल साबित हुई है। अब लोगों को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि परिषद के अधिकारी स्वयं गलियों में सीमेंट के बेंच रखकर अतिक्रमण कर रहे हैं। क्योंकि उस अतिक्रमण में कमीशन मिलता है, इसलिए वह दिखाई नहीं देता। लोगों ने इस मौके पर नगर परिषद के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों का विरोध देखकर अधिकारी वहां से चले गए। लेकिन इस दौरान बड़ी तादाद में लोगों के घरों के बाहर तोडफ़ोड़ की गई।