UP

एएफएमसी पुणे में चमके बीएचयू आईएमएस के छात्र

वाराणसी, 22 नवंबर । काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के चिकित्सा विज्ञान संस्थान (आईएमएस) के छात्रों ने सशस्त्र बल चिकित्सा महाविद्यालय (एएफएमसी), पुणे में आयोजित जेरिकॉन-25 सम्मेलन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई प्रमुख पुरस्कार अपने नाम किए।

आईओई–टीडीआर परियोजना में शोध सहायक डॉ. शिवांगी पांडे ने सहायक जराचिकित्सा श्रेणी में मौखिक प्रस्तुतियों में प्रथम पुरस्कार हासिल कर संस्थान का गौरव बढ़ाया। इसके अतिरिक्त एमबीबीएस तृतीय वर्ष के छात्र तिरलुका निखिल और एमबीबीएस अंतिम वर्ष की छात्रा श्रेया बरनवाल ने स्नातक मौखिक प्रस्तुतियों की श्रेणी में क्रमशः द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया।

बीएचयू के जनसंपर्क कार्यालय ने शनिवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि सभी छात्र बीएचयू में सक्रिय रूप से शोध गतिविधियों से जुड़े हुए हैं।

आईएमएस-बीएचयू की फार्माकोलॉजी विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. उपिंदर कौर के मार्गदर्शन में छात्र टीम ने 13 से 15 नवंबर 2025 तक एएफएमसी, पुणे में आयोजित जेरिकॉन-25 में प्रतिभाग किया।