Himachal Pradesh

ढगवार में आधुनिक मिल्क प्लांट से मजबूत होगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था : प्रो. चंद्र कुमार

धर्मशाला, 15 अप्रैल । कृषि एवं पशु पालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने हिमाचल दिवस के उपलक्ष्य पर धर्मशाला के पुलिस मैदान में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि ध्वजारोहण किया तथा मार्च पास्ट की सलामी ली। इस अवसर पर कृषि एवं पशु पालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने कहा कि सरकार पिछले तीन वर्षों से व्यवस्था परिवर्तन के मूल मंत्र पर कार्य करते हुए प्रदेश के विकास और जन कल्याण की दिशा में आगे बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि कांगड़ा जिले के ढगवार में 225 करोड़ से अधिक की राशि से अत्याधुनिक मिल्क प्लांट का निर्माण किया जा रहा है। इससे बड़ी संख्या में पशु पालन से जुड़े परिवारों को लाभ मिलेगा और उनकी आर्थिकी मजबूत होगी। कृषि क्षेत्र में फिन्ना सिंह मध्यम सिंचाई योजना एक अत्यंत महत्त्वपूर्ण परियोजना है। इस योजना के लिए 643.68 करोड़ की स्वीकृति दी गई है, जिसमें से अब तक 318.56 करोड़ खर्च किए जा चुके हैं और लगभग 49 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश को समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने के लिए हमारी सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान कर रही है। कांगड़ा जिला को हिमाचल की पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित किया जा रहा है। कांगड़ा हवाई अड्डे का विस्तार किया जा रहा है। इसके लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की गई है तथा 3 हज़ार 349 करोड़ रुपये के पुनर्वास और पुनर्स्थापन योजना को भी स्वीकृति प्रदान की गई है। प्रदेश भर में हेलीपोर्ट, हेलीपैड, रोप-वे निर्माण, ईको पर्यटन स्थल, स्काई वाॅक ब्रिज आदि के विकास से पर्यटन उद्योग को बढ़ावा दिया जा रहा है।