Haryana

यमुनानगर:नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार

यमुनानगर, 21 अप्रैल यमुनानगर के छछरौली थाना क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। थाना प्रभारी राजपाल ने बताया कि क्षेत्र की एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके घर के समीप स्थित एक होटल के पास एक ट्रक चालक नियमित रूप से वाहन खड़ा करता था। आरोप है कि उक्त व्यक्ति उसकी 14 वर्षीय पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और दो दिन तक अपने पास रखकर उसके साथ दुष्कर्म किया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए महिला एएसआई मंजीत कौर के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को काबू कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शामली निवासी शारीक के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पोक्सो अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की गहनता से जांच की जा रही है और पीड़िता को आवश्यक कानूनी व चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रकार के अपराधों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।