UP

बीज व्यापारी के कर्मचारी से 10 लाख की लूट, लुटेरों में युवती भी शामिल

फिरोजाबाद, 27 अप्रैल । थाना सिरसागंज क्षेत्र अन्तर्गत सोमवार को बीज व्यापारी के कर्मचारी से लूट का मामला सामने आया है। आरोप है मोटरसाइकिल सवार लुटेरे 10 लाख की नकदी का थैला लूट ले गए हैं। पुलिस घटना की जांच के साथ ही लुटेरों की तलाश में जुट गई है।

थाना सिरसागंज क्षेत्र अन्तर्गत अध्यापक नगर में सोमवार को उस समय अफरा तफरी मच गई जब एक मोटरसाइकिल सवार युवक को तीन मोटरसाइकिल सवार लोगों ने अचानक ओवरटेक कर रोक लिया। इन तीन मोटरसाइकिल सवारों में एक युवती भी शामिल थी। इन मोटरसाइकिल सवारों ने तमंचे की नोक पर युवक से थैला लूट लिया और फरार हो गए। घटना से इलाके में अफरा तफरी मच गई। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। मोटरसाइकिल सवार युवक बंटी ने बताया वह बीज व्यापारी के यहां काम करता है और वह दुकान से नकदी लेकर बैंक ऑफ बड़ौदा में जमा करने जा रहा था, तभी उसके साथ यह घटना हुई है।

इधर सूचना पर मालिक राजकुमार भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि उनका कर्मचारी रोजाना की तरह कैश जमा करने बैंक जा रहा था और बदमाशों ने सुनियोजित तरीके से उसे निशाना बनाया है। उन्होंने थैले में 10 लाख की नकदी का होना बताया है। इधर सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल के आस पास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगालने के साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है।

अपर पुलिस अधीक्षक देहात अनुज चौधरी ने सीओ अनिमेश कुमार व थाना प्रभारी वैभव कुमार सिंह के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर व्यापारी से घटना की जानकारी ली है। सीओ अनिमेश कुमार ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जायेगा।