Haryana

कैथल: सर्च अभियान में पुलिस ने बरामद की चरस, चार गिरफ्तार

कैथल, 29 मई । जिले में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने एक साथ कई मोर्चों पर कार्रवाई करते हुए तस्करों पर बड़ा शिकंजा कसा है। शुक्रवार को जहां गुहला और पूंडरी थाना क्षेत्रों में सघन सर्च अभियान चलाया गया, वहीं एंटी नारकोटिक सैल की टीम ने अलग कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में चरस सहित एक आरोपी को काबू किया है। अलग-अलग अभियानों में कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है।

थाना गुहला के एसएचओ इंस्पेक्टर रमेश के नेतृत्व में गांव चाणचक, खेड़ी दाबन और सुल्तानिया में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया गया। पुलिस टीमों ने घर-घर जाकर जांच की और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। इस दौरान संभावित ठिकानों की तलाशी लेकर यह सुनिश्चित किया गया कि कहीं भी मादक पदार्थ या अवैध शराब का भंडारण न हो।

वहीं थाना पूंडरी प्रभारी इंस्पेक्टर शिव कुमार की अगुवाई में गांव पाई में भी विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस ने संदिग्ध तस्करों के घरों और ठिकानों पर दबिश दी। इस कार्रवाई के दौरान गांव पाई निवासी कृष्ण कुमार, मदन और भारत को काबू किया गया। तलाशी के दौरान इनके कब्जे से 2.2 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

एंटी नारकोटिक सैल की बड़ी कार्रवाई

दूसरी ओर, एंटी नारकोटिक सैल की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी सफलता हासिल की। सैल प्रभारी एसआई मुकेश कुमार के नेतृत्व में एएसआई शीशपाल की टीम गश्त पर थी, तभी उन्हें सूचना मिली कि गांव जाखौली निवासी नरेश कुमार मोटरसाइकिल पर चरस लेकर आने वाला है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने कैथल बाईपास से तितरम बिजली घर जाने वाली सड़क पर नाकाबंदी कर दी। कुछ देर बाद एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोककर पूछताछ की गई, जिसने अपना नाम नरेश कुमार बताया। मौके पर डीएसपी रोहताश कुमार की मौजूदगी में जब तलाशी ली गई तो मोटरसाइकिल की टंकी पर रखे बैग से एक किलो 368 ग्राम चरस (सुल्फा) बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर थाना तितरम में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेकर उससे नेटवर्क के बारे में पूछताछ की जाएगी। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि नशा तस्करी जैसे अपराधों के खिलाफ जिला पुलिस पूरी तरह सख्त है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस द्वारा लगातार सर्च अभियान, नाकाबंदी और निगरानी के जरिए तस्करों की धरपकड़ की जा रही है।