MP

राजगढ़ः ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत

राजगढ़, 07 मई । मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में सिरोंज-ब्यावरा रोड पर गुरुवार दोपहर ग्राम गिंदौरहाट जोड़ के पास एक ट्रक की टक्कर सें बाइक सवार 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद षव परिजनों को सौंपा और मर्ग कायम कर मामले में जांच शुरु की।

पुलिस के अनुसार, ग्राम गिंदौरहाट जोड़ के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार आइशर ट्रक क्रमांक एमपी 13 जेडजी 2279 ने बाइक क्रमांक एमपी 39 एमवी 0765 को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे 35 वर्षीय दिनेश पुत्र नारायणसिंह तंवर, निवासी नादनपुर थाना सुठालिया की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। सूचना मिलते ही सुठालिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा बनाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे उतर गया, जिसमें प्लास्टिक पाइप भरे हुए थे। दिनेश खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करता था और वह किसी काम से बाइक से ब्यावरा जा रहा था, तभी यह हादसा हो गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिवार और ग्रामीणों ने अचानक हुई इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है।