फरीदाबाद : पत्नी से झगड़े के बाद नहर में कूदे डेंटल सर्जन का शव मिला
फरीदाबाद, 03 मई । पत्नी से विवाद के बाद नहर में छलांग लगाने वाले डेंटल सर्जन का शव रविवार शाम पुलिस ने नहर से बरामद कर लिया। एसडीआरएफ की कई टीमों ने 20 घंटों की मशक्कत के बाद शव बरामद किया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल में भिजवाया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बल्लभगढ़ की यादव कॉलोनी का रहने वाला सचिन (36) पेशे से डेंटल सर्जन हैं। वह बल्लभगढ़ में मोहना रोड स्थित यादव कॉलोनी में अपने परिवार के साथ रहता है। यादव कालोनी में ही उसने एक डेंटल क्लिनिक खोला हुआ है। शनिवार रात को डॉक्टर सचिन सेक्टर-87 स्थित अपनी बहन के घर से पत्नी और बच्चों के साथ वापस लौट रहा था। बहन के घर पर दोनों पति-पत्नी के बीच में विवाद हो गया। जिसको लेकर रास्ते में दोनों के बीच में झगड़ा और बढ़ गया। डॉक्टर सचिन ने सेक्टर 17 के पुल के पास अपनी ब्लैक रंग की स्कॉर्पियो को रोका और नहर की तरफ जाने लगा। इस दौरान उसकी पत्नी ने उसको रोकने की कोशिश की , लेकिन उसने पत्नी को धक्का मारा और नहर में छलांग लगा दी। मामले की सूचना मिलते ही खेड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने सचिन की तलाश करने के लिए एसडीआरएफ की टीम को बुलाया। टीम बोट लेकर पानी में कई घंटे तक उसकी तलाश करती रही। आखिरकार, 20 घंटों बाद सचिन का शव नहर से मिला। थाना इंचार्ज देवेन्द्र ने जानकारी देते हुए बताया कि सचिन की बॉडी आगरा नहर से बरामद कर ली गई है। टीमों ने दो दिन के सर्च अभियान के बाद शव नहर से निकाला। अब पुलिस डॉक्टर की पत्नी से पूछताछ के जरिए आत्महत्या के कारण का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

