MP

मप्र: 6 साल बाद महिला आयोग को नई कमान, रेखा यादव बनीं अध्यक्ष, साधना स्थापक सदस्य नियुक्त

भाेपाल, 03 मई । मध्य प्रदेश में लंबे इंतजार के बाद राज्य महिला आयोग को नई नेतृत्व टीम मिल गई है। प्रदेश सरकार ने रेखा यादव को आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया है, जबकि पूर्व विधायक साधना स्थापक को सदस्य बनाया गया है। दोनों का कार्यकाल तीन वर्ष का रहेगा। इस संबंध में शासन ने शनिवार को आधिकारिक आदेश जारी किया है, जो कि रविवार को सामने आया है।

करीब छह साल बाद आयोग में इन महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्तियां की गई हैं, जिससे महिला संबंधित मामलों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है। रेखा यादव छतरपुर जिले की बड़ामलहरा सीट से वर्ष 2008 में विधायक रह चुकी हैं। वहीं, साधना स्थापक भी राजनीति में सक्रिय रही हैं। नई जिम्मेदारी संभालते हुए दोनों ने महिलाओं के अधिकार, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए काम करने का संकल्प लिया है। प्रदेश में इस समय निगम, मंडल, आयोग और प्राधिकरणों में नियुक्तियों का सिलसिला जारी है। अब तक लगभग 29 पदों पर नियुक्तियां हो चुकी हैं, जबकि अन्य पदों पर भी प्रक्रिया जारी है।

गौरतलब है कि राज्य महिला आयोग में पिछली नियुक्ति मार्च 2020 में हुई थी, जब शोभा ओझा को अध्यक्ष बनाया गया था। हालांकि, सरकार बदलने के बाद उनकी नियुक्ति निरस्त कर दी गई थी, जिसके चलते मामला न्यायालय में लंबित रहा और आयोग लंबे समय तक बिना नेतृत्व के रहा। अब नई नियुक्तियों के बाद उम्मीद है कि महिला आयोग की कार्यप्रणाली में तेजी आएगी और महिलाओं से जुड़े मामलों के निराकरण में सुधार होगा।