MP

इंदौर में चलती बाइक बनी आग का गोला, कुछ ही मिनटों में जलकर हुई खाक

इंदौर, 08 मई । मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के व्यस्त एलआईजी स्क्वेयर चौराहे पर शुक्रवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चलती बाइक में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते बाइक आग का गोला बन गई और कुछ ही मिनटों में पूरी तरह जलकर खाक हो गई। घटना के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

फायर ब्रिगेड अधिकारियों के अनुसार दोपहर करीब 3:15 बजे बाइक में आग लगने की सूचना कंट्रोल रूम को मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पानी डालकर आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा लेने से बड़ा हादसा टल गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह बाइक के इंजन के पास हुआ शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि आग अचानक भड़की और तेजी से पूरी बाइक में फैल गई, जिससे वाहन पूरी तरह जल गया। घटना के कारण एलआईजी स्क्वेयर से विजय नगर लिंक रोड की ओर जाने वाले मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने लेफ्ट टर्न से वाहनों की आवाजाही अस्थायी रूप से रोक दी थी। आग बुझने के बाद यातायात फिर सामान्य किया गया।