मंडी नगर निगम में कांग्रेस लहराएगी विजयी परचम : विक्रमादित्य सिंह
मंडी, 08 मई । लोकनिर्माण मंत्री एवं नगर निगम चुनाव में कांग्रेस के प्रभारी विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि भाजपा की सरकार के चलते मंडी नगर निगम के पहले चुनाव में भाजपा का कब्जा रहा। नगर निगम के मेयर और डिप्टी मेयर भाजपा के ही थे। इसके बावजूद भाजपा नगर निगम मंडी में अपना प्रभाव नहीं छोड़ पाई।
शुक्रवार को मंडी के गांधी भवन में पत्रकारों से बात करते हुए विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि क्या कारण है कि भाजपा को नगर निगम चुनाव में ग्यारह नए चेहरे उतारने पड़े हैं। उन्होंने कहा कि यह अपने आप में इस चीज को दर्शाता है कि उनकी कार गुजरी के ऊपर एक बहुत बड़ा प्रश्न चिन्ह है। जो पिछले पांच साल में रहे उनकी वजह से उनको अपने ही चेहतों के टिकट को काटकर नए चेहरों को उतरना पड़ा। अब एक बार फिर नगर निकाय के चुनाव प्रदेश के अंदर चल रहे हैं। पार्टी के द्वारा जो जिम्मेदारी और दायित्व दिया गया है, उसका निर्वहन करने के लिए हम आप सबके बीच में यहां पर उपस्थित हैं। मंडी नगर निगम के चुनाव पूरी मजबूती से लड़े जाएंगे।
विक्रमादित्य ने कहा कि पार्टी नेतृत्व के दिशा निर्देशों के साथ मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री, पार्टी अध्यक्ष और केंद्रीय नेताओं से विचार-विमर्श करने के बाद पार्टी के प्रत्याशियों का चयन किया गया। उन्होंने कहा कि शिक्षित, समाज सेवी और जनता से जुड़े हुए कैंडिडेट्स को चुनाव में उतारने का प्रयास कांग्रेस पार्टी का रहा है।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि हमने अच्छे उम्मीदवार मंडी नगर निगम के चुनाव में उतरे हैं। सबने अपने नामांकन दर्ज कर दिए हैं आगामी समय में चुनाव प्रचार गति पकड़ेगा तो मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और पार्टी की प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल और अन्य नेता चुनाव प्रचार में आएंगे। हम एक साफ विजन के साथ इस चुनाव को लड़ना चाहते हैं ।
उन्होंने कहा कि जो हमारे प्रत्याशी हैं उनके साथ बात करके मंडी शहर के लिए रोड मैप बनाया गया है। शहरी विकास मंत्रालय का दायित्व होने के साथ-साथ मंडी संसदीय क्षेत्र का चुनाव भी लड़ा था। हमने उसे समय भी यह बात कही थी कि मंडी के लिए हम बड़े प्रोजेक्ट लाना चाहते हैं, चुनाव में हार जीत चली रहती है।
उन्होंने कहा कि हाल ही में शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मिलकर हिमाचल के लिए न चेलेंज फंड के माध्यम से 1200 करोड़ रुपए स्वीकृत करवाएं हैं। कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री के साथ बैठकर उसपर चर्चा कर रूपरेखा तैयार की है। उसी से मंडी नगर निगम के लिए 180 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट स्वीकृत करवाने में सफल हुए हैं।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि इस बार मंडी में इतिहास रचा जाएगा। मंडी नगर निगम मंडी में कांग्रेस पार्टी का परचम लहराएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के विजन डाक्यूमेंट में मंडी की इंदिरामार्किट की सीवरेज और ड्रेनेज की समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।

