जिला परिषद वार्ड दाना घाटों के लिए भाजपा प्रत्याशी अंकिता ठाकुर ने किया नामांकन
नाहन, 08 मई । शुक्रवार को सिरमौर जिला के रेणुका चुनाव क्षेत्र में जिला परिषद के वार्ड नंबर दो दाना घाटों के लिए भाजपा प्रत्याशी अंकिता ठाकुर ने उपमंडल अधिकारी नागरिक संगड़ाह के समक्ष अपना नामांकन पत्र प्रस्तुत किया। इस मौके पर अंकिता ठाकुर के साथ 22 पंचायतों से आए भाजपा के सैकड़ो कार्यकर्ताओं के साथ जुलूस निकाला और चुनाव का शंखनाद बजाया।
नामांकन पत्र प्रस्तुत करने के उपरांत मीडिया से बातचीत में अंकिता ठाकुर ने कहा कि आज समाज को पढ़े-लिखे और जुझारू युवाओं को आगे लाने की आवश्यकता है । उन्होंने कहा की जिला परिषद सदस्य बनने के उपरांत वह इस पिछड़े क्षेत्र में ठप्प पड़े विकास कार्यों को गति प्रदान करेगी और विशेष कर सड़कों की दशा सुधारने, स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने, और शैक्षणिक संस्थानों में स्टाफ और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के कार्यों को प्राथमिकता देगी।
अंकिता ठाकुर ने कहा कि उनका जिला परिषद वार्ड सिरमौर जिला के गिरीपार क्षेत्र में सबसे कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में आता है और यहां विकास कार्यों को अंजाम देने के लिए यद्यपि भारी चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा लेकिन शिक्षित युवा होने के नाते वह इस क्षेत्र के विकास के लिए जी जान से प्रयास करेगी।

